भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच पुणे टेस्‍ट मैच के दूसरे दिन रोचक नजारा देखने को मिला। ऑस्‍ट्रेलिया की दूसरी पारी के दौरान जब गेंद दर्शकों के बीच गई तो उन्‍होंने इस लौटाने से इनकार कर दिया। बाद में स्‍टेडियम से जुड़े एक शख्‍स ने दर्शकों से छीनकर गेंद को वापस मैदान में फेंका। यह वाकया मिचेल मार्श के जयंत यादव की गेंद पर छक्‍का लगाने के दौरान हुआ। ऑस्‍ट्रेलिया की दूसरी पारी के 39 ओवर की तीसरी गेंद को मार्श ने बाहर निकलकर मारा और सीमारेखा के ऊपर से दर्शकों के बीच पहुंचा दिया। गेंद वहां पहुंची तो बच्‍चों ने इसे उठा लिया और हाथ हिलाकर वापस लौटाने से इनकार करने लगे। बाद में अन्‍य दर्शक भी उनके साथ हो गए और गेंद देने से इनकार कर दिया। इस पर स्‍टेडियम से जुड़ा एक शख्‍स वहां पहुंचा और उसने गेंद लौटाने को कहा। लेकिन दर्शक नहीं माने। बाद में उसने दर्शकों से गेंद छीन ली और उसे वापस मैदान में फेंका। गेंद वापस जाने के बाद खेल शुरू हो पाया।

इस छक्‍के के बूते मिचेल मार्श ने भारतीय स्पिनर्स के दबाव को कम किया। पुणे टेस्‍ट में भारतीय टीम कमजोर स्थिति में है और ऑस्‍ट्रेलिया ने उस पर शिकंजा कस रखा है। पहली पारी में मेहमान टीम 260 रन पर सिमट गई। इसके बाद स्पिनर स्‍टीव ओ’कीफी (35/6) की शानदार गेंदबाजी के आगे भारतीय बल्‍लेबाज घुटने टेक बैठे। भारतीय टीम का स्‍कोर एक समय तीन विकेट पर 94 रन पर था लेकिन ओ’कीफी के स्‍पैल के चलते भारत 105 रन पर सिमट गया। उसके केवल तीन बल्‍लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। यह हाल तो तब हुआ जब केएल राहुल ने 64 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। कप्‍तान विराट कोहली लगभग ढाई साल में पहली बार बिना खाता खोले आउट हुए। इसके चलते ऑस्‍ट्रेलिया को पहली पारी के आधार पर 155 रन की बढ़त मिली।

दूसरी पारी में ऑस्‍ट्रेलिया को आर अश्विन ने शुरुआती झटके दिए। लेकिन कप्‍तान स्‍टीव स्मिथ( 59 नाबाद) ने पारी को संभाला और अन्‍य बल्‍लेबाजों के साथ मिलकर टीम को 100 के पार ले गए। दूसरे दिन का खेल समाप्‍त होने तक ऑस्‍ट्रेलिया ने चार विकेट पर 143 रन बना लिए थे। उसके पास अब 298 की मजबूत बढ़त है। भारत में चौथी पारी में 250 रन से ज्‍यादा का लक्ष्‍य हासिल करना नामुमकिन के समान रहा है। इसके चलते पुणे में भारत पर हार का खतरा मंडरा रहा है।