भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट की सीरीज के बेंगलुरु में खेले जा रहे दूसरे मैच में भारतीय बल्लेबाजी एक बार फिर दम तोड़ गई। इसके चलते भारत ने टेस्ट से पकड़ गंवा दी। भारत की दूसरी पारी 274 रन पर समाप्त हुई और उसे 187 रन की बढ़त मिली। ऑस्ट्रेलिया के सामने बेंगलुरु टेस्ट जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त लेने के लिए 188 रन का लक्ष्य है। दूसरी पारी में भारत ने एक समय 4 विकेट पर 238 रन बना लिए थे लेकिन इसके बाद अगले आठ रन में चार विकेट गंवा दिए। इसके चलते भारत का स्कोर 8 विकेट पर 246 रन हो गया। भारत ने नौ रन के अंतराल में अपने चार विकेट गंवा दिए। इनमें अजिंक्य रहाणे, करुण नायर, चेतेश्वर पुजारा और आर अश्विन के विकेट शामिल थे।
भारतीय पारी के पतन की शुरुआत मिचेल स्टार्क ने की। उन्होंने सबसे पहले रहाणे को पगबाधा किया और डीआरएस में फैसला ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में गया। अगली ही गेंद पर स्टार्क ने करुण नायर को बोल्ड कर वापस भेज दिया। अगला ओवर लेकर आए जॉस हेजलवुड। उन्होंने दूसरी ही गेंद पर शतक के करीब पहुंच चुके चेतेश्वर पुजारा(92) को मिचेल मार्श के हाथों कैच करा दिया। इसी ओवर की पांचवी गेंद पर आर अश्विन के स्टंप भी हेजलवुड ने उखाड़ दिए। इसके चलते बड़ी बढ़त की ओर बढ़ रही भारतीय पारी बेपटरी हो गई।
बता दें कि मैच के तीसरे दिन भारत ने 4 विकेट पर 213 रन बना लिए थे। इसके चलते उसके पास 126 रन की बढ़त ली थी लेकिन इसमें 51 रन जोड़कर भारत के बाकी 6 विकेट गिर गए। पुणे में खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने आठ रन के अंतराल में 4 विकेट गंवा दिए थे। इस बार अंतर केवल यह रहा कि पिछले टेस्ट में टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने स्पिनर्स के आगे घुटने टेके और इस बार तेज गेंदबाजी के आगे। इस सीरीज में भारतीय बल्लेबाज बुरी तरह से नाकाम रहे हैं। दो टेस्ट की चार पारियों में टीम इंडिया केवल एक बार 200 का स्कोर पार कर पाई है। पुणे टेस्ट में भारत की पारी 105 और 107 रन पर सिमट गई थी। वहीं बेंगलुरु में भारत ने पहली पारी में 189 रन बनाए थे।

