पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने दिग्गज भारतीय कप्तान एमएस धोनी की तुलना पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान से करने पर एक पाकिस्तानी पत्रकार की आलोचना की। पत्रकार ने धोनी और रिजवान की तस्वीर पोस्ट की और अपने फॉलोअर्स से पूछा कि दोनों में से कौन बेहतर है? इस पर हरभजन सिंह भड़क गए।

भारत के लिए 103 टेस्ट, 236 वनडे और 28 टी20 मैच खेलने वाले हरभजन ने पत्रकार पर निशाना साधते हुए कहा कि रिजवान से धोनी बहुत आगे हैं। रिजवान से भी यह सवाल किया जाएगा तो वह भी यही उत्तर देंगे। रिजवान अच्छे खिलाड़ी हैं,लेकिन यह तुलना गलत है। धोनी आज नंबर-1 हैं। विकेट के पीछे उनसे कोई बेहतर नहीं है।

हरभजन सिंह ने क्या कहा

हरभजन सिंह ने कहा, “आजकल तुम क्या फूंक रहे हो? यह कितना मूर्खतापूर्ण सवाल है। भैया इसको बताओ। धोनी बहुत आगे हैं रिजवान से। अगर तुम रिजवान से भी पूछोगे तो वह तुम्हें इसका ईमानदारी से जवाब देंगे। मुझे रिजवान पसंद है, वह अच्छे खिलाड़ी हैं, जो हमेशा इंटेट के साथ खेलते हैं। लेकिन यह तुलना गलत है। धोनी आज भी विश्व क्रिकेट में नंबर 1 हैं। स्टंप के पीछे उनसे बेहतर कोई नहीं है।”

धोनी की कप्तानी में 3 बार आईसीसी खिताब जीता भारत

धोनी की कप्तानी में भारत को दो बार विश्व कप जीता। 2007 में पाकिस्तान को हराकर टी20 वर्ल्ड कप का पहला खिताब जीता। 2011 में 28 साल का सूखा खत्म करते हुए वनडे वर्ल्ड कप जीता। श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में उनकी नाबाद 91 रन की दमदार पारी खेली। उन्होंने छक्का जड़कर मैच खत्म किया था। भारत को दो विश्व कप जीत दिलाने के अलावा धोनी ने 2013 में मेन इन ब्लू को आईसीी चैंपियंस ट्रॉफी का भी खिताब दिलाया।