IPL 2018 को लेकर हरभजन सिंह ने नया खुलासा किया है। उन्होंने कहा, ‘महेंद्र सिंह धोनी के साथ खेलना हमेशा से बेहतरीन अनुभव रहा है। मैं साझा लक्ष्य को लेकर साथ में काम करने के लिए उत्सुक हूं। इस बार का हमारा लक्ष्य चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ट्रॉफी जीतना है। धोनी इस खेल को अच्छी तरह से समझते हैं और गेम से बहुत पहले से ही सोचने लगते हैं। मेरी समझ में खासकर T20 में एक कप्तान के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण होता है। यही खासियत उन्हें एक महान कप्तान बनाता है।’ हरभजन सिंह इससे पहले मुंबई इंडियंस टीम से जुड़े थे, लेकिन इस बार उन्हें सीएसके ने खरीदा। फिरकी गेंदबाज मुंबई के साथ 10 वर्षों तक जुड़े रहे। आईपीएल में सीएसके को हरभजन के अंतरराष्ट्रीय के साथ घरेलू क्रिकेट में उनके अनुभवों का लाभ मिलेगा। महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में चेन्नई की टीम दो बार आईपीएल का खिताब अपने नाम कर चुकी है। साथ ही चार बार उपविजेता भी रही है। सीएसके ने हर बार प्लेऑफ में अपना स्थान पक्का किया है। चेन्नई की टीम को हर बार आईपीएल ट्रॉफी के प्रबल दावेदारों में से एक माना जाता है।
हरभजन ने मुंबई इंडियंस के साथ एक दशक के सफर को बेहतरीन बताया। उन्होंने कहा, ‘मुंबई इंडियंस के साथ बिताए गए 10 साल सच में बहुत बेहतरीन रहे। अब एक और उत्कृष्ट टीम से जुड़ा हूं। अब येलो के लिए साथ मिलकर काम करना है। आईपीएल की दो सबसे बेहतरीन टीमों का हिस्सा बनना सच में बहुत बेहतरीन है।’ आईपीएल-2018 का नया सत्र 7 अप्रैल से शुरू होगा। पहले ही मैच में वानखेड़े स्टेडियम में सीएसके और मुंबई इंडियंस का मुकाबला होगा। मुंबई पिछली बार की चैंपियन है। हरभजन ने इस पर कहा, ‘सीएसके बनाम मुंबई इंडियंस- दो टॉप टीम के बीच होने वाला मैच हमेशा ही प्रेशर गेम रहता है। स्थितियां कितनी भी बुरी क्यों न हों दोनों टीमें अंत तक संघर्ष करती रहती हैं और मौके भी तलाशती हैं। दरअसल, चैंपियन टीमें इसी तरह खेलती हैं…पूरे जोश और सम्मान के साथ।’ वहीं, सीएसके के सीईओ केएस. विश्वनाथन ने कहा, ‘हरभजन में आईपीएल में एक मैच जिताऊ प्लेयर हैं। उनके अनुभव और दबाव से निपटने की क्षमता से टीम को बहुत फायदा होगा।’