IPL 2019, KKR vs MI, Highlights: कोलकाता नाइट राइडर्स ने रविवार को मुंबई इंडियंस को 34 रन से हराकर प्लेऑफ में जाने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। कोलकाता ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आईपीएल में अपनी 100वीं जीत दर्ज की। इस मैच में एक बार फिर टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी आंद्रे रसेल ने टीम के लिए गेंद और बल्ले से अहम पारी खेली। रसेल ने 40 गेंदों में 80 रन बनाने के साथ-साथ 25 रन देकर दो विकेट भी झटकने का काम किया। इस सीजन के सबसे बड़े स्कोर 233 रनों का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत खराब रही और टीम नियमित अंतराल पर अपना विकेट गंवाती रही। रोहित शर्मा, क्विंटन डिकॉक और इविन लुईस के जल्दी आउट होने के बाद हार्दिक पंड्या ने टीम की जीत की उम्मीदों को जिंदा रखा। पंड्या ने 34 गेंद में 91 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से छह चौके और नौ छक्के निकले।

मुंबई इंडियन्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 93 रन की दरकार थी। 16वें ओवर में पीयूष चावला की पहली गेंद पर क्रुणाल पंड्या ने छक्का लगाया। अगली गेंद पर एक और छक्का लगाने के प्रयास में गेंद हवा में काफी ऊपर चली गई। जिसे पकड़ने के लिए दिनेश कार्तिक और रॉबिन उथप्पा दोनों ही भागे और अंत में दोनों के बीच टक्कर होने की वजह से गेंद नीचे गिर गई। हालांकि, इस जीवनदान का क्रुणाल अधिक फायदा नहीं उठा सकें और जल्द ही पवेलियन लौट गए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम की शुरुआत काफी खराब रही और 58 रन तक ही उसके शीर्ष चार बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। रोहित शर्मा (12) ने संदीप वारियर के पहले ओवर में दो चौकों के साथ शुरुआत की लेकिन नारायण ने क्विंटन डिकाक को खाता खोले बिना ही रसेल के हाथों कैच करा दिया। गुर्नी ने रोहित को एलबीडब्ल्यू करके मुंबई को करारा झटका दिया। इस हार के साथ मुंबई को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। बचे हुए दो मुकाबलो में एक में जीत हासिल कर मुंबई प्लेऑफ में जगह बनाने में कामयाब हो जाएगी।