दिल्ली पुलिस ने सोमवार शाम को अपने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर करके फैंस से क्रिकेट से जुड़ा सवाल किया। यह सवाल महेंद्र सिंह धोनी से जुड़ा हुआ था। वीडियो को देख पहले तो लोगों को हैरानी हुई लेकिन वीडियो का अंत आते-आते सभी को समझ आ गया कि इस वीडियो के पीछे का असल मकसद क्या है।
दिल्ली पुलिस ने शेयर किया वाडियो
वीडियो की शुरुआत में एक मैसेज लिखकर आता है जिसपर लिखा है, ‘आईपीएल बस खिलाड़ियों को नहीं, आपको भी बना सकता है करोड़पति, दीजिए कुछ आसान सवालों के जवाब और जीतिए ढेरों इनाम।’ इसके नीचे क्लिक करने का ऑप्शन दिया हुआ था। इस पर क्लिक होने के बाद एक सवाल स्क्रीन पर आता है।
धोनी के आखिरी मैच को लेकर सवाल
सवाल चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी को लेकर था। सवाल में पूछा गया कि धोनी ने अपना आखिरी IPL मैच किसके विरुद्ध खेला? सवाल के चार विकल्प दिए गए थे जिसमें आरसीबी, डीसी, एमआई और केकेआर का नाम शामिल था। चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी मैच था या नहीं यह अभी तय नहीं है। हालांकि यह इस सीजन में उनका आखिरी मैच था। विकल्प में आरसीबी पर क्लिक करने पर मैसेज आता है जिसमें लिखा है, ‘सही जवाब आप जीत चुके हैं 5000 रुपए बस नीचे दिए लिंक पर जाकर अपना बैंक डिटेल्स भरकर तुरंत जीत की राशि अपने खाते में पाएं।’ इसी के बाद STOP का साइन आता है।
लोगों को चेतावनी दी गई
इसके बाद एक पुलिस वाले का एनिमेटेड कार्टून आता है तो लोगों को सतर्क करता है कि आसान सवाल आपको मुश्किल में न डाल दे। वीडियो में आगे बताया गया कि इस तरह के स्कैम काफी प्रचलन में है और किसी अनजान मैसेज का रिप्लाई न करें। यह वीडियो साइबर क्राइम की ओर से बनाया गया था। वीडियो के अंत में साइबर क्राइम और से संबंधित जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन नंबर और वेबसाइट दी गई।