क्रिकेट के मैदान पर अपने गेंदबाजी से कई मैच भारत के नाम कराने वाले तेज गेंदबाज आशीष नेहरा 29 अप्रैल 2019 को अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। मैदान पर गेंद से करतब दिखाने वाला दिल्ली का ये खिलाड़ी, भले ही गेंद रफ्तार के साथ फेंकता रहा हो लेकिन दिल की बात कहने में इस खिलाड़ी को सात साल लग गए। दरअसल, आशीष नेहरा के जन्मदिन के मौके पर हम आपको बता रहे हैं आशीष नेहरा की लव स्टोरी।
आशीष नेहरा ने 1999 में कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया और 2001 में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे खेलने उतरे।क्रिकेट से संन्यास ले चुके आशीष नेहरा की प्रेमकहानी किसी फिल्मी स्टोरी से कम नहीं है। आशीष नेहरा ने रुश्मा से लव मैरिज की। लेकिन यह प्रेम धीरे-धीरे परवान चढ़ा और फिर शादी में तब्दील हो गया।
15 मिनट में शादी का प्लान: रुश्मा से आशीष नेहरा साल 2002 में इंग्लैंड में मिले थे। नेहरा ने रुश्मा को एक मैच के दौरान देखा था और उसके बाद दोनों की जान- पहचान हुई और मिलना-जुलना शुरू हुआ। सात साल तक चले अफेयर के बाद दोनों ने शादी कर ली।
यूं हुआ फैसला:
आशीष नेहरा और रुश्मा की शादी अचानक से हुई। 23 मार्च 2009 को जब वह अपने दोस्तों के साथ बैठे दोस्तों के साथ बैठे-बैठे नेहरा के दिमाग में आया कि अब उन्हें शादी कर लेनी चाहिए। नेहरा ने जब यह बात रुश्मा को बताई तो रुश्मा को लगा कि नेहरा मजाक कर रहे हैं। नेहरा ने खुद एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि मात्र 15 मिनट में शादी का प्लान बना और एक हफ्ते के अंदर शादी हो गई। 26 मार्च को रुश्मा अपनी मां के साथ दिल्ली पहुंचीं। 2 अप्रैल 2009 को आशीष नेहरा और रूश्मा हमेशा के लिए एक दूसरे के हो गए।आशीष नेहरा और रुश्मा एरियाना और आरुष के माता पिता हैं। नेहरा ने 1 नवम्बर, 2017 को न्यूजीलैंड के खिलाफ T-20 इंटरनैशनल खेलने के बाद क्रिकेट के सभी फॉर्म्स से संन्यास ले लिया।