भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पूरी दुनिया दीवानी है। भारत में तो कई ऐसे फैंस हैं जो कैप्टन कूल पर जान तक छिड़कते हैं। इसी बीच धोनी का एक ऐसा फैन सामने आया है जिसने माही के प्रति दीवानगी की सारी हदें पार कर दीं। ये फैन हरियाणा के खेड़ी जालब गांव स्थित अपने घर से झारखंड के रांची तक धोनी से मिलने पैदल पहुंच गया। दूरी थी लगभग 1436 किलोमीटर और वक्त लगा 15-16 दिन। इस जबरा फैन का नाम है अजय गिल।

हम इन्हें जबरा फैन इसलिए कहे रहे हैं क्योंकि आपको बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की एक फिल्म याद होगी जिसका नाम फैन था। इस फिल्म में शाहरुख खान का एक जबरा फैन होता है जो कुछ भी करके शाहरुख से मिलना चाहता है। अजय ने भी धोनी के प्रति अपनी दीवानगी दिखाकर उस रील लाइफ जबरा फैन की याद दिला दी। लेकिन ये रियल लाइफ है।

अजय गिल ने 29 जुलाई को यह सफर शुरू किया और 16 दिन में करीब 1436 किलोमीटर का सफर तय किया और पहुंच गए धोनी से मिलने रांची। लेकिन सबसे दुखद बात जो हुई वो ये थी कि उनकी धोनी से मुलाकात नहीं हो सकी। आखिरकार अजय को इतनी मेहनत के बावजूद धोनी से बिना मिले ही लौटना पड़ा।

अंग्रेजी अखबार टेलिग्राफ इंडिया ने इस शख्स अजय गिल के हवाले से लिखा था कि, ‘धोनी जी से मिलकर घर लौटूंगा।’ 18 वर्षीय अजय का कहना था कि धोनी को उनसे मिलने के लिए कम से कम 10 मिनट का वक्त निकालना चाहिए क्योंकि वह काफी दूर से उनसे मिलने पैदल चलकर आए हैं।

दुर्भाग्यवश अजय का ये सपना फिलहाल पूरा नहीं हो सका। ऐसा इसलिए क्यों जब अजय रांची पहुंचे तो उस वक्त धोनी चेन्नई में थे। दरअसल धोनी को आईपीएल के लिए दुबई रवाना होना है। हालांकि अजय को जब बताया गया कि धोनी तीन महीने बाद रांची आएंगे वह तब भी लौटने के लिए तैयार नहीं थे और वे वहीं इंतजार करने की जिद करने लगे।

धोनी के इस जबरा फैन ने अपने सिर पर ‘धोनी’ और ‘माही’ लिखा हुआ है। लेकिन जब वे रांची में ठहरने की जिद पर अड़ गए तो उनके बारे में पता चलने पर अनुराग चावला नामक शख्स और उनके मित्र अजय से मिलने पहुंचे। ये दोनों लोग अजय को एक होटल रूम में ले गए और उनकी दिल्ली की फ्लाइट बुक करवा दी। अनुराग ने कहा, ‘हम काफी प्रभावित हैं कि दिल्ली से चलकर यहां तक आए हैं लेकिन हमने उन्हें फिलहाल वापस लौटने और बाद में आने के लिए मना लिया है।’

क्यों धोनी से मिलना चाहते हैं अजय ?

अजय ने अंग्रेजी अखबार से बात करते हुए बताया था कि, ‘एक समय पर वह क्रिकेटर बनना चाहते थे लेकिन पिछले साल धोनी के संन्यास के बाद उन्होंने खेलना छोड़ दिया। हालांकि वह अब इस महान क्रिकेटर की दुआओं के साथ नई शुरुआत करना चाहते हैं।’