कोरोनावायरस से दुनिया भर में में 18 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। एक लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। चीन के बाद इस महामारी ने यूरोप में तबाही मचाई है। अब यह अमेरिका में ज्यादा लोगों को मार रहा है। यूरोप के मुख्य देशों में खेलों की प्रतियोगिताओं को या तो रद्द कर दिया गया है या स्थगित। ऐसे में खिलाड़ी अपने घर पर ही रहने को मजबूर है। बार्सिलोना, रियाल मैड्रिड और युवेंटस जैसी टीमों को लगातार नुकसान हो रहा है। इसी बीच बार्सिलोना ने इंस्टाग्राम पर लियोनल मेसी के एक फैन का वीडियो शेयर किया है, जो कि इंटरनेट धूम मचा रहा है।

दरअसल, सोमवार यानी 13 अप्रैल को बार्सिलोना ने एक वीडियो शेयर किया, इसमें टीम का एक नन्हा फैन है। उसने वीडियो की शुरुआत में सबको I LOVE YOU कहा। इसके बाद अपनी कला को दिखाने लगा। वह एक पेशेवर फुटबॉलर की तरह गेंद को अपने पैरों से मार रहा था। नन्हें फैन ने अपने घर में एक छोटा सा गोलपोस्ट भी बनाकर रखा है। उसने गेंद के साथ-साथ खेलते-खेलते अचानक हवा में उछलकर पीछे की ओर शॉट मार दिया। गेंद सीधे गोलपोस्ट में चली गई। इस शॉट को ‘बाइसाइकिल किक’ कहते हैं।

स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने ऐसा ही एक शॉट चैंपियंस लीग में युवेंटस के खिलाफ 2018 में मारा था। उसे यूईएफए ने बेस्ट गोल माना था। रोनाल्डो से पहले एसी मिलान के लिए खेलने वाले जलाटन इब्राहिमोविच ने अपनी राष्ट्रीय टीम डेनमार्क की ओर से खेलते हुए इंग्लैंड के खिलाफ 2012 में सबसे फेमस बाइसाइकिल किक से गोल किया था। वेन रूनी ने 2011 में मैनचैस्टर सिटी के खिलाफ मैनचेस्टर यूनाईटेड की ओर से खेलते हुए बाइसाइकिल किक से गोल मारा।


2006 में बार्सिलोना के रोनाल्डिन्हो ने विल्लारियल के खिलाफ बाइसाइकिल किक से गोल दागा था। वहीं, 2000 में वेलेंसिया के खिलाफ बार्सिलोना के रिवाल्डो ने मैच के आखिरी मिनट में बाइसाइकिल किक मार टीम को जिताया था। स्पेन और इटली में कोरोनावायरस के महामारी के बीच इस वीडियो ने फुटबॉल फैंस के चेहरे पर खुशी लाई है। बार्सिलोना द्वारा पोस्ट किए गए इस वीडियो को 3 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं।