कुछ दिग्ग्ज क्रिकेटर भले ही महेंद्र सिंह धोनी को लेकर आलोचना कर रहे हों लेकिन दुनिया के नंबर-1 विकेटकीपर माही अपनी विकेटकीपिंग से इस आईपीएल में काफी हद तक आलोचकों का मुंह बंद कर चुके हैं। विकेट के पीछे उनकी चीते जैसी तेजी देखकर हर कोई उनका मुरीद बनता जा रहा है।
शुक्रवार को दिल्ली के खिलाफ मैच की पहली पारी का 16वां ओवर राइजिंग पुणे सुपरजायंट के खिलाफ वॉशिंगटन सुंदर डाल रहे थे। दूसरी बॉल शॉट खेलने के चक्कर में कोरे एंडरसन बीट हुए। इस वक्त वह क्रीज से थोड़ा बाहर निकल चुके थे। विकेटकीपिंग कर रहे धोनी ने गेंद को अपने कब्जे में लिया और सेकेंड के अंदर बल्लेबाज को स्टंप आउट कर दिया।
बता दें कि इससे पहले भी केकेआर के खिलाफ मैच की पारी के तीसरे ओवर में स्पिनर वाशिंगटन सुंदर ने गौतम गंभीर के पैड पर गेंद डाली, जिसे गंभीर ने फाइनलेग की ओर खेल दिया। गंभीर ने इस गेंद पर सिंगल लेने के लिए सुनील नारयण को कॉल किया। सुनील नारायण डेंजर एंड की ओर दौड़ रहे थे। शार्दुल ठाकुर ने गेंद को तेजी से फील्ड करते हुए महेंद्र सिंह धोनी के पास अंडर ऑर्म थ्रो किया। एमएस धोनी ने गेंद को गैदर करने की बजाए सिर्फ स्टंप की तरफ अपने ग्लव्स से दिशा दे दिया। सुनील नारायण जब तक क्रीज में पहुंचते गेंद स्टंप्स करे चूम चुकी थी और बेल्स उड़ गए थे। इस तरह सुनील नारायण धोनी के बेहतरीन विकेटकीपिंग स्किल का शिकार बने थे।
महेंद्र सिंह धोनी ने स्टंप्स के पीछे से हाल के दिनों में शानदार काम किया है। रन आउट और स्टंप करने के उन्होंने कुछ नए तरीके ईजाद किए हैं। इससे उन्हें काफी फायदा मिला है, जबकि बल्लेबाज के लिए धोनी के सामने क्रीज से बाहर निकलना मुश्किल काम हो गया है।
