Royal London One-Day Cup: चेतेश्वर पुजारा इन दिनों इंग्लैंड में रॉयल लंदन वन-डे कप (Royal London One-Day Cup) में हिस्सा ले रहे हैं, जहां उनका बल्ला जमकर बोल रहा है। भारतीय बल्लेबाज ने 23 अगस्त 2022 की रात में खेले गए मैच में 90 गेंद में 132 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 20 चौके और 2 छक्के लगाए। उन्होंने सिर्फ 75 गेंद पर ही अपना शतक पूरा कर लिया था।

चेतेश्वर पुजारा ने अपना शतक पूरा करने में 14 चौके और 2 छक्के लगाए। इसके साथ ही चेतेश्वर पुजारा रॉयल लंदन वन-डे कप 2022 में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर करने वाले बल्लेबाज बन गए। चेतेश्वर पुजारा ने रॉयल लंदन वन-डे कप में अब तक 8 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 102.33 के औसत और 116.28 के स्ट्राइक रेट से 614 रन बनाए हैं। इसमें उनके तीन शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। इस तरह वह 5 पारियों में 50 या उससे ज्यादा रन बना चुके हैं। इस सूची में वह पीटर मलान, स्टीफन एस्कीनाजी, पीटर मुल्डर और सैम डेविड रॉबसन के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।

यही नहीं, उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट (List A Cricket) में अपने 5000 रन भी पूरे किए। चेतेश्वर पुजारा ने ससेक्स की ओर से खेलते हुए मंगलवार रात मिडिलसेक्स के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की। चेतेश्वर पुजारा अपनी पिछली पांच पारियों में 3 शतक लगा चुके हैं। लिस्ट ए क्रिकेट में (वनडे इंटरनेशनल के अलावा सीमित ओवर के मुकाबले भी शामिल होते हैं। हालांकि, चेतेश्वर पुजारा ने अब तक अपने 5 वनडे इंटरनेशनल मैच ही खेले हैं। इसमें उन्होंने 51 रन ही बनाए हैं।

चेतेश्वर पुजारा के अब 111 लिस्ट ए मैच में 57.48 के औसत से 5059 रन हो गए हैं। इसमें उनके 14 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं। लिस्ट ए मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ग्राहम गूच के नाम है। ग्राहम गूच ने 1973 से 1997 के दौरान 613 मैच में 40.16 के औसत से 22211 रन बनाए थे। इसमें उनके 44 शतक और 139 अर्धशतक शामिल थे। इस सूची में सचिन तेंदुलकर तीसरे नंबर पर हैं।

सचिन तेंदुलकर ने 1989 से 2012 के दौरान 551 मैच में 45.54 के औसत से 21999 रन बनाए थे। इसमें उनके 60 शतक और 114 अर्धशतक शामिल थे। सचिन तेंदुलकर लिस्ट ए मुकाबलों में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले क्रिकेटर हैं।