युजवेंद्र चहल इस समय इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर (आरसीबी) का हिस्सा हैं। हालांकि, उन्होंने अपना आईपीएल डेब्यू 2011 में मुंबई इंडियंस के साथ किया था। चहल आईपीएल 2013 तक मुंबई इंडियंस के लिए खेले। इसके बाद से विराट कोहली की अगुआई वाली आरसीबी के लिए खेल रहे हैं। हालांकि, वह जानना चाहते थे कि क्या मुंबई इंडियंस के सदस्यों को अब उनकी कमी खलती है? इस संबंध में उन्होंने एक बार लाइव चैट के दौरान सवाल भी किया था। इस पर रोहित शर्मा ने उन्हें ‘टका’ सा जवाब दे दिया था।

यह लॉकडाउन के दौरान की बात है। रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह इंस्टाग्राम पर लाइव चैट कर रहे थे। इस दौरान युजवेंद्र चहल भी बीच में कूद पड़े। उन्होंने कमेंट किया। जसप्रीत बुमराह ने रोहित से कहा, ‘चहल पूछ रहा है कि क्या मुंबई इंडियंस मिस कर रहा है उसे?’ रोहित शर्मा ने जवाब दिया, ‘अच्छा, चहल को बोल…’ बुमराह ने बीच में टोकते हुए कहा, ‘मतलब मन से वह वापस आना चाहता है?’ इस पर रोहित ने कहा, ‘आरसीबी के पास जाएगा यह मैसेज, बोल दियो उसको।’ बुमराह ने भी हां में हां मिलाते हुए कहा, ‘हां, उससे कहेंगे कि कप्तान को बोलेंगे।’ यहां कप्तान का इशारा विराट कोहली की ओर था। इसके बाद दोनों हंसने लगे।

रोहित ने कहा, ‘अगर मुंबई हार रहा होता एक भी मैच, जीत नहीं रहा होता तो शायद मिस करते थे उसको। लेकिन अभी हम जीत रहे हैं तो हम क्यों मिस करेंगे उसको भाई।’ बुमराह ने कहा, ‘वह सुन रहा होगा। यह बात तो बिल्कुल है कि वह पक्का सुन रहा होगा।’ रोहित ने कहा, ‘चहल बंगलौर में ही बैठ तू अच्छा है उधर।’ यह कहकर रोहित शर्मा हंसने लगे। इस पर जसप्रीत बुमराह ने पूछा, ‘आपने उससे भी एक बार बात किया था ना?’

मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा, ‘हां, चहल से बात किया था। पांच-6 दिन पहले बात हुई थी उससे।’ इस पर बुमराह ने कहा, ‘चहल तो हर रोज इस टाइम पर यहीं मिलता (इंस्टाग्राम लाइव) होता होगा। उसको यदि देखना हो तो वह हर दूसरे दिन लाइव होता ही होगा। तो उससे यहीं कान्टैक्ट कर सकते हैं।’

रोहित ने कहा, ‘मेरा आइडिया ले लिया उसने। मैंने उसको बोला था उसको कि मैं कुछ प्लेयर्स के साथ करूंगा बातचीत। अब वह अपने दोस्तों के साथ बातचीत कर रहा है।’ इस पर जसप्रीत बुमराह ने बीच में बोला, ‘मैंने उसको बोला है कि अगर नई हॉबी लेनी है तो सोशल मीडिया को जाने दे। कुछ और ट्राई कर, लेकिन वह सुनता नहीं है।’ यह सुन रोहित भी हंसने लगे