हरियाणा चुनाव के नतीजे आने शुरू हो चुके हैं। दोपहर 3 बजे तक कांग्रेस 9 और भारतीय जनता पार्टी 5 सीटों पर चुनाव जीत चुकी थी। वहीं कांग्रेस 29 और भाजपा 43 सीटों पर आगे थी। कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरीं पहलवान से राजनेता बनीं विनेश फोगाट ने भी जुलाना विधानसभा सीट जीत ली है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के योगेश कुमार को 6015 मतों से हराया।
बृजभूषण सिंह का तंज- अब राहुल बाबा का क्यो होगा?
विनेश फोगाट के चुनाव जीतने के बाद भाजपा के पूर्व सांसद और रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने भी हरियाणा विधानसभा के नतीजों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विनेश फोगाट के जीतने पर कहा कि वह तो जीत गईं, लेकिन कांग्रेस की तो नैया डुबो दी। अब राहुल बाबा का क्या होगा? बृजभूषण सिंह ने यह भी कहा कि वह जहां जहां जाएंगी सत्यानाश ही होगा।
जाटों ने भी भाजपा के पक्ष में किया मतदान: बृजभूषण सिंह
डब्ल्यूएफआई के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने एएनआई से बातचीत में कहा, ‘हरियाणा की जनता को बधाई है। हरियाणा की जनता को भ्रमित करने का बहुत प्रयास किया गया। किसान आंदोलन के नाम पर किया गया। पहलवानों के आंदोलन के नाम पर किया गया और उसके बाद भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार हरियाणा की जनता बना रही है और जाट बाहुल्य जो क्षेत्र हैं, उसमें बहुत बड़ी बढ़त है। भारतीय जनता पार्टी के कई विधायक वहां से जीते हैं, सब बधाई के पात्र हैं।’
ये पहलवान नायक नहीं खलनायक हैं: बृजभूषण सिंह
कांग्रेस जो जाट-जाट का खेल खेल रही थी, या अन्य जो कार्ड थे, वे क्या नहीं चले के सवाल पर बृजभूषण सिंह बोले, ‘देखिये जो पहलवानों का आंदोलन था। इसमें जो पहलवान… कथित पहलवान हैं, ये हरियाणा के लिए नायक नहीं हैं, ये खलनायक हैं और खलनायक ये अपने जूनियर खिलाड़ियों के लिए हैं। ये लड़ाई जो हम लड़ रहे थे, उन्हीं हरियाणा के बच्चों की हम लड़ाई लड़ रहे थे, जिसको लेकर इन्होंने एक झूठा नेरेटिव क्रिएट किया, आंदोलन चलाया और पूरे दो साल तक कुश्ती को बर्बाद किया।’
मेरे नाम में इतना दम है कि उनकी नैया पार हो गई: बृजभूषण
अपनी बात जारी रखते हुए बृजभूषण सिंह बोले, ‘…तो यह उसी का परिणाम है कि जाटों ने भी बहुत बड़ी संख्या में वोट देने का काम किया है।’ जुलाना से उनकी (कांग्रेस) हार सीट मानी जा रही थी, लेकिन विनेश फोगाट वहां से 6 हजार वोटों से जीत गईं। आप ही का नाम लेकर पूरा प्रचार किया…। इससे आगे सवाल पूरा होता बृजभूषण सिंह कहने लगे, ‘अरे भाई… इसका मतलब है कि हम महान आदमी हैं। अगर हमारा नाम लेकर के वह जीत गईं तो बहुत अच्छा है। कम से कम मेरे नाम में इतना दम तो है कि हमारा नाम लेकर उनकी नैया पार हो गई।’
फिर हंसते हुए कहा, ‘उनकी नैया तो पार हो गई, लेकिन कांग्रेस को तो डुबा दिया। हुड्डा साहब तो डूब गए। प्रियंका जी तो डूब गईं। राहुल बाबा का क्या होगा? वह तो जीत गईं, लेकिन बड़े-बड़े सपने संजोये थे हरियाणा को लेकर… क्या हुआ। वह जहां जहां जाएगी सत्यानाश ही होगा।’