नई दिल्ली। भारत के लिएंडर पेस और रोहन बोपन्ना एटीपी की ताजा विश्व रैंकिंग के डबल्स में क्रमश: एक और सात पायदान आगे बढ़ने में सफल रहे लेकिन सिंगल्स में सोमदेव देववर्मन एक स्थान नीचे खिसक गए हैं।

बोपन्ना डबल्स रैंकिंग में सात पायदान की छलांग लगाकर 28वें स्थान पर काबिज हो गए हैं और इस तरह से भारत के चोटी के डबल्स खिलाड़ी भी बन गए हैं। पेस को भी एक पायदान का फायदा हुआ लेकिन वह बोपन्ना से एक स्थान नीचे 29वें स्थान पर पहुंचे हैं।

सिंगल्स रैंकिंग में सोमदेव एक पायदान के नुकसान के साथ 143वें स्थान पर खिसक गए। भारतीय डेविस कप टीम में उनके साथ युकी भांबरी को एक पायदान का फायदा हुआ है और वह अब 183वें स्थान पर हैं।

ओवरआल सिंगल्स रैंकिंग में शीर्ष पांच में भी बदलाव हुआ है। शंघाई मास्टर्स का खिताब जीतने के कारण रोजर फेडरर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने राफेल नडाल की जगह ली है जो तीसरे स्थान पर खिसके हैं।

नोवाक जोकोविच शंघाई में सेमीफाइनल में हारने के बावजूद 11510 अंकों के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं। फेडरर के 9080 अंक हैं। इस बीच डब्ल्यूटीए की डबल्स रैंकिंग में सानिया मिर्जा पहले की तरह आठवें स्थान पर बनी हुई हैं। सानिया और जिंबाब्वे की उनकी जोड़ीदार कारा ब्लैक पहले ही सिंगापुर में होने वाले सत्र के आखिरी टूर्नामेंट में जगह बना चुकी हैं। यह जोड़ी रोड टू सिंगापुर में अभी तीसरे नंबर पर चल रही है।