पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री मनोज तिवारी का 16 जून 2022 को रोमांटिक अवतार देखने को मिला। उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2021-22 के पहले सेमीफाइनल मैच में शतक लगाया। इसके बाद उन्होंने इश्क का इजहार करते हुए मैदान से ही ‘लव लेटर’ लहराया। मनोज तिवारी ने अपनी जेब से जो पत्र निकालकर लहराया उस पर उनकी पत्नी सुष्मिता के साथ-साथ उनके बच्चों के नाम लिखे हुए थे। पर्ची पर दिल की तस्वीर भी बनी थी। उनकी ‘लव लेटर’ लहराने वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल है।
मनोज तिवारी और सुष्मिता रॉय की लव स्टोरी भी काफी रोमांचक है। सुष्मिता उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। मनोज तिवारी और सुष्मिता की पहली मुलाकात साल 2006 में हुई थी। करीब 6 साल तक डेट करने के बाद जुलाई 2013 में दोनों परिणय सूत्र में बंध गए।
सुष्मिता रॉय आकर्षक दिखने के मामले में किसी बॉलीवुड एक्ट्रेस से कम नहीं हैं। लोग उनकी तुलना कैटरीना कैफ से करते हैं। साल 2016 में सुष्मिता और मनोज तिवारी छुट्टियां मनाने गए ग्रीस गए थे। उस दौरान सुष्मिता ने वहां कई हॉट और ग्लैमरस फोटोशूट कराए और तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। इससके बाद उनका ग्लैमरस लुक बेहद चर्चा में आ गया था।
नीचे उस पत्र की तस्वीर है, जिसे मनोज तिवारी ने शतक लगाने के बाद मैदान से ही लहराया था।

सुष्मिता ने पति मनोज तिवारी के रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल और सेमी फाइनल में शतक लगाने से जुड़ा एक वीडियो भी इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। उन्होंने इसके कैप्शन में दिल वाली इमोजी पोस्ट की है। साथ ही अपने वीडियो को unstoppable, humjhukeganehisala और proudwife पर टैग किया है।
रणजी ट्रॉफी 2021-22 के पहले सेमीफाइनल की बात करें तो मध्यप्रदेश की टीम इस समय ड्राइविंग सीट पर है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने के समय उसने दूसरी पारी में 63 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 163 रन बना लिए थे। रजत पाटीदार 63 और कप्तान आदित्य श्रीवास्तव 34 रन बनाकर क्रीज पर थे। इससे पहले मध्य प्रदेश ने टॉस जीता और बल्लेबाजी चुनी।
मध्य प्रदेश की पहली पारी 105.3 ओवर में 341 रन पर ऑलआउट हुई। बंगाल की टीम पहली पारी में 89.2 ओवर में 273 रन ही बना पाई। उसकी ओर से मनोज तिवारी ने 12 चौके की मदद से 102 रन बनाए। शाहबाज अहमद ने 12 चौके की मदद से 116 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन (22 रन) ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। बंगाल के चार बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए।
मध्य प्रदेश की ओर से कुमार कार्तिकेय, सारांश जैन और पुनीत दाते ने 3-3 विकेट लिए। इस तरह तीसरे दिन का खेल खत्म होने के समय तक मध्यप्रदेश ने पहली पारी के आधार पर 273 रन की लीड ले ली थी। अभी उसके 8 विकेट गिरना शेष हैं।