इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने इस महीने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बीच से अपना नाम वापस ले लिया था। तब उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला दिया था। स्टोक्स ने अब इस बात का खुलासा कर दिया है कि उनके पिता गेर्राल्ड स्टोक्स को ब्रेन कैंसर है। दो सप्ताह तक क्वारंटीन रहने के बाद स्टोक्स अपने घर क्राइस्टचर्च लौट गए हैं। वहां उन्होंने मीडिया से बातचीत की। स्टोक्स ने कहा कि इंग्लैंड की टीम को छोड़कर वापस आने के अलावा उनके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं था।

बेन स्टोक्स ने कहा, ‘‘मैं एक सप्ताह तक सो नहीं पाया था। मेरा मन खेल में बिल्कुल नहीं लग रहा था। मानसिक दृष्टिकोण से खेल को बीच में छोड़कर वापस लौटना सही फैसला था। वो मेरे साथ हमेशा सख्ती से पेश आते थे लेकिन जैसे जैसे मैं बड़ा हुआ, मुझे समझ आया कि इसके पीछे एक कारण था। उन्हें पता था मैं पेशेवर खिलाड़ी बनना चाहता हूं और वो मुझे क्रिकेट में करियर बनाने के लिए तैयार कर रहे थे।’’ स्टोक्स ने पिछले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में बेहतरीन बल्लेबाजी की थी। उन्होंने मैनेस्टर टेस्ट में 176 और नाबाद 78 रन की पारी खेली थी।

स्टोक्स ने आगे कहा, “ज्यादातर लोग उम्र के साथ नम्र स्वभाव के हो जाते हैं और कभी-कभी अपने पिता के साथ ऐसा होते देखना काफी अजीब था। वो जिस चीज से गुजर रहे हैं, उस वजह से भी उनका ये स्वभाव सामने आया है। हम सभी को पता था कि ये उनके अंदर है, लेकिन वो अक्सर इसे दिखाते नहीं थे।” स्टोक्स के पिता को इस साल जनवरी में पता चला था कि उन्हें ब्रेन कैंसर है। कोच बनने से पहले 1982 में न्यूजीलैंड के लिए रग्बी खेल चुके गेर्राल्ड स्टोक्स को साल की शुरुआत में इंग्लैंड के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान जोहान्सबर्ग के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

स्टोक्स ने जब दक्षिम अफ्रीका के खिलाफ पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट में 120 रन की पारी खेली थी, तब भी वे अपने पिता की बीमारी के बारे में जानते थे। इंग्लैंड उस मुकाबले को पारी और 53 रन से जीतने में सफल रहा था। स्टोक्स ने इंग्लैंड के लिए अब तक 67 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 37.84 की औसत से 4428 रन बनाए हैं। स्टोक्स ने 10 शतक भी लगाया है। गेंदबाजी में भी वे इंग्लैंड के लिए टेस्ट मैच में उपयोगी साबित हुए हैं। उन्होंने अब तक 158 विकेट झटके हैं।