Bangladesh Vs South Africa, 1st Test Match, Day 1 Highlights: बाएं हाथ के स्पिनर ताइजुल इस्लाम की मदद से बांग्लादेश ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट में वापसी की। बांग्लादेश ने पहले दिन पहली पारी में 106 रन पर ऑलआउट होने के बावजूद स्कोर बराबर कर दिया। ताइजुल इस्लाम ने 49 रन देकर साउथ अफ्रीका के पांच बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। ताइजुल की बदौलत बांग्लादेश ने दक्षिण अफ्रीका को 6 विकेट पर 140 रन पर रोक दिया।
खराब रोशनी के कारण पहले दिन का खेल समय से पहले समाप्त कर दिया। ताइजुल इस्लाम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में एक खास उपलब्धि भी अपने नाम की। वह शाकिब अल हसन के बाद 200 विकेट तक पहुंचने वाले दूसरे बांग्लादेशी गेंदबाज बन गए।
बांग्लादेश बनाम साउथ अफ्रीका पहले टेस्ट के पहले दिन 16 विकेट गिरे। साउथ अफ्रीका मेजबान टीम से अब 34 रन से आगे है। दिन का खेल खत्म होने के समय काइल वेरिन 18 और वियान मुल्डर 17 रन बनाकर खेल रहे थे। इससे पहले बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, उनका यह फैसला गलत साबित हुआ।
वियान मुल्डर (3/22), कगिसो रबाडा (3/26) और केशव महाराज (3/34) ने नौ विकेट साझा किए और बांग्लादेश पर कहर बरपाया। वियान मुल्डर ने अपने पहले तीन ओवर्स में 1-1 विकेट लेकर बांग्लादेश को शुरुआती संकट में डाल दिया। यह सिलसिला शादमान इस्लाम के आउट होने के साथ शुरू हुआ। शादमान इस्लाम ने गेंद पर बेवजह शॉट खेला, जो दूसरी स्लिप में गई और शून्य पर आउट हो गए।
मोमिनुल हक विकेट के पीछे कैच आउट हुए, जबकि शांतो ने शॉर्ट मिड-ऑफ पर सीधे फ्लिक किया, जिससे बांग्लादेश का स्कोर 6 ओवर में 3 विकेट पर 21 रन हो गया. इसके बाद कगिसो रबाडा ने अनुभवी मुशफिकुर रहीम (11) को आउट कर टेस्ट क्रिकेट में अपना 300वां विकेट लिया। ऐसा करते हुए, वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले छठे दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज बन गए।
मेजबान टीम के लिए स्थिति बद से बदतर होती चली गई, जब रबाडा ने लिटन दास को एक रन पर गली में कैच कराया। लंच के समय बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज ने मेहदी हसन को 13 रन पर एलबीडब्ल्यू किया। सलामी बल्लेबाज महमूदुल हसन ने सुबह के पूरे सत्र में संघर्ष किया। वह लंच के बाद के सत्र में पहला शिकार बने। उन्होंने 97 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से टीम की ओर से सबसे ज्यादा 30 रन बनाए।
डेन पीट ने उन्हें आउट किया, जो पारी में उनका एकमात्र विकेट था। केशव महाराज ने इसके बाद डेब्यू करने वाले जेकर अली अनिक को 2 रन पर स्टम्प कराया। इससे बांग्लादेश का स्कोर 76/8 हो गया। बांग्लादेश पर 100 से कम पर ऑलआउट होने का खतरा मंडरा रहा था।
हालांकि, ताइजुल इस्लाम के 16 रन की मदद से टीम ने यह आंकड़ा पार किया। इसके बाद ताइजुल ने मैच में जान फूंकने की जिम्मेदारी ली। हसन महमूद ने पहले ओवर में स्टैंड-इन कप्तान एडेन मार्करम को आउट किया। इसके बाद ताइजुल ने साउथ अफ्रीका के मध्यक्रम को तहस-नहस कर दिया।
300 टेस्ट विकेट के लिए सबसे कम गेंदें
- 11817 गेंद: कगिसो रबाडा (दक्षिण अफ्रीका)
- 12602 गेंद: वकार यूनिस (पाकिस्तान)
- 12605 गेंद: डेल स्टेन (दक्षिण अफ्रीका)
- 13672 गेंद: एलन डोनाल्ड (दक्षिण अफ्रीका)
बांग्लादेश के लिए सर्वाधिक टेस्ट विकेट
- 246 विकेट: शाकिब अल हसन
- 201 विकेट: ताइजुल इस्लाम
- 183 विकेट: मेहदी हसन मिराज
- 100 विकेट: मोहम्मद रफीक
एशिया में पहले दिन सबसे ज़्यादा विकेट गिरे
- 18 विकेट: भारत बनाम वेस्टइंडीज, दिल्ली, 1987
- 17 विकेट: श्रीलंका बनाम ऑस्ट्रेलिया, कैंडी, 2004
- 16 विकेट: पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड, दुबई, 2012
- 16 विकेट: भारत बनाम श्रीलंका, बैंगलोर, 2022
- 16 विकेट: बांग्लादेश बनाम दक्षिण अफ्रीका, मीरपुर, 2024