पेरिस ओलंपिक में तय मानक से ज्यादा वजन होने के कारण पहलवान विनेश फोगाट को महिला कुश्ती 50 किलोग्राम कैटेगरी के फाइनल से अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इसके खिलाफ उन्होंने कोर्ट ऑफ आर्बिटेशन फॉर स्पोर्ट (CAS) का रुख किया था। उनकी अर्जी को बुधवार (14 अगस्त) को खारिज कर दिया गया। इसके बाद उनके साथी पहलवान बजरंग पूनिया ने एक्स पर एक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने विनेश को देश को कोहिनूर बताया। साथ ही कहा कि जिनको मेडल चाहिए,15-15 रुपये में खरीद लेना।

बजरंग ने कहा, “माना पदक छीना गया तुम्हारा इस अंधकार में,हीरे की तरह चमक रही हो आज पूरे संसार में। विश्व विजेता हिंदुस्तान की आन बान शान, रूस्तम ए हिंद विनेश फौगाट आप देश के कोहिनूर हैं। पूरे विश्व में विनेश फोगाट विनेश फोगाट हो रही हैं। जिनको मेडल चाहिए। खरीद लेना 15-15 रुपये में।” बजरंग ने यह बात रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI)के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह पर निशाना साधते हुए कही।

बृजभूषण शरण सिंह साधा निशाना

बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आंदोलन के दौरान पहलवानों ने अपना मेडल वापस करने की बात कही थी। इसके बाद बृजभूषण शरण सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह पदकों को 15 रुपये का बताते हैं। इस बयान को लेकर बजरंग ने तब भी पूर्व डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष पर निशाना साधा था। उन्होंने विनेश की याचिका खारिज होने पर एक बार फिर बृजभूषण शरण सिंह के वीडियो की याद दिला दी है।

वजन मानक से 100 ग्राम अधिक था

पेरिस ओलंपिक में पिछले सप्ताह बुधवार की सुबह विनेश को महिलाओं के 50 किग्रा वर्ग के फाइनल से पहले वजन मानक से अधिक होने के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया था। उनका वजन मानक से 100 ग्राम अधिक था। स्वर्ण पदक के लिए उनका मुकाबला अमेरिका की सारा एन हिल्डेब्रांट से होना था। इसके बाद उन्होंने सिल्वर मेडल के लिए कोर्ट ऑफ आर्बिटेशन फॉर स्पोर्ट (CAS) का रुख किया था।