ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार 23 अक्टूबर 2024 को मलेशिया के जोहोर बाहरू में 4-0 की शानदार जीत के साथ सुल्तान जोहोर कप में भारत की जूनियर हॉकी टीम (अंडर-21) के विजय रथ को रोक दिया। भारत की फॉरवर्डलाइन ऑस्ट्रेलियाई डिफेंस को तोड़ने के लिए संघर्ष कर रही थी, लेकिन डेकिन स्टैंगर (33वें, 39वें, 53वें मिनट में) ने गोल की हैट्रिक बनाई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से पैट्रिक एंड्रयू (29वें मिनट) ने पहला गोल किया।
भारत का अगला मैच न्यूजीलैंड से होगा
हार के बावजूद, भारत नौ अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। ऑस्ट्रेलियाई टीम न्यूजीलैंड के बाद तीसरे स्थान पर है। अपनी झोली में तीन जीत के साथ भारत फाइनल में पहुंचने की रेस में बना हुआ है। भारत को राउंड रॉबिन लीग में अभी एक और मैच (25 अक्टूबर 2024 को न्यूजीलैंड के खिलाफ) खेलना है। इस भारतीय जूनियर हॉकी टीम के हेड कोच सीनियर टीम के पूर्व गोलकीपर और दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट पीआर श्रीजेश हैं।
IND vs NZ: श्रीजेश की ‘टीम इंडिया’ फाइनल के करीब, आखिरी मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला ड्रॉ
भारत ने 19 अक्टूबर 2024 को जापान को 4-2 से हराने के साथ टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत की थी। उसने अपने दूसरे मैच में 20 अक्टूबर 2024 को ग्रेट ब्रिटेन को 6-4 से हराया। इसके बाद 22 अक्टूबर 2024 को मलेशिया को 4-2 से हराया। हालांकि, 23 अक्टूबर 2024 को उसके खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक भी गोल करने में सफल नहीं हो पाये।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच की बात करें तो शीर्ष पर चल रही ‘टीम इंडिया’ को शुरू से ही कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। भारत ने शानदार शुरुआत की, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने जल्द ही गेंद पर नियंत्रण पा लिया। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने अपनी स्पीड का लाभ उठाया और गोल पर शॉट बनाने के लिए जरूरी स्पीड बरकरार रखी। पहला हूटर बजने में दो मिनट से भी कम समय बचा था, तभी आस्ट्रेलियाई फॉरवर्ड लाइन ने स्ट्राइकिंग सर्कल में प्रवेश किया और जोरदार रिवर्स हिट लगाया, लेकिन निशाना लक्ष्य से चूक गया।
बिक्रमजीत सिंह ने पेनल्टी पर बचाया गोल
टीम को पहले क्वार्टर के अंतिम लम्हों में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारतीय गोलकीपर बिक्रमजीत सिंह ने गोल नहीं होने दिया। अली खान ने भी 18वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल बचाया। पलटवार करते हुए भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन टीम ऑस्ट्रेलिया के डिफेंस को नहीं भेद पाई। दोनों टीमों ने इसके बाद पेनल्टी कॉर्नर पर मौके गंवाए।
डेकिन स्टेंगर ने दागे दनादन गोल
ऑस्ट्रेलिया के एंड्रयू ने हालांकि 29वें मिनट में बाएं छोर से रिवर्स हिट पर गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हाफ टाइम के बाद डेकिन स्टेंगर ने तीसरे ही मिनट में स्कोर 2-0 कर दिया। भारतीय टीम संभल पाती इससे पहले डेकिन स्टेंगर ने एक और गोल दागकर ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 3-0 की। भारतीय टीम ने इसके बाद कुछ मौके बनाए लेकिन गोल करने में सफलता नहीं मिली। डेकिन स्टेंगर ने 53वें मिनट में एक और गोल दागकर हैट्रिक पूरी की और टीम को 4-0 से जीत दिलाई।
ये है भारतीय जूनियर हॉकी टीम
आमिर अली (कप्तान), शारदा नंद तिवारी, प्रियब्रत तलेम, गुरजोत सिंह, मनमीत सिंह, मोहम्मद कोनैन दाद, सौरभ आनंद कुशवाह, चंदन यादव, अंकित पाल, रोसन कुजूर, दिलराज सिंह, रोहित, अनमोल एक्का, अर्शदीप सिंह, सुखविंदर सिंह, मुकेश टोप्पो, अली खान (गोलकीपर), बिक्रमजीत सिंह (गोलकीपर)।
सुल्तान जोहोर कप की अंक तालिका (23 अक्टूबर 2024, रात 8:00 बजे तक अपडेट)
रैंक | टीम | मैच खेले | मैच जीते | ड्रॉ | मैच हारे | गोल किये | गोल खाये | गोल अंतर | पॉइंट्स |
1 | भारत | 4 | 3 | 0 | 1 | 14 | 12 | 2 | 9 |
2 | न्यूजीलैंड | 4 | 2 | 2 | 0 | 9 | 6 | 3 | 8 |
3 | ऑस्ट्रेलिया | 4 | 2 | 1 | 1 | 12 | 6 | 6 | 7 |
4 | ग्रेट ब्रिटेन | 4 | 2 | 1 | 1 | 10 | 9 | 1 | 7 |
5 | जापान | 4 | 1 | 0 | 3 | 8 | 13 | -5 | 3 |
6 | मलेशिया | 4 | 0 | 0 | 4 | 6 | 13 | -7 | 0 |