वर्ल्ड कप 2023 के 27वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड पर एक रोमांचक जीत दर्ज की है। 389 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही न्यूजीलैंड की टीम यह मुकाबला सिर्फ 5 रन से हार गई। मैच का टर्निंग पॉइंट आखिरी ओवर रहा जो मिचेल स्टार्क ने डाला। आखिरी ओवर में स्टार्क की गेंदबाजी से ज्यादा मार्नस लाबुशेन और जोश इंगलिस की बेहतरीन फील्डिंग ने ऑस्ट्रेलिया को यह मैच जिताया।
आखिरी ओवर में चाहिए थे 19 रन
मिचेल स्टार्क जब आखिरी ओवर डालने आए तो न्यूजीलैंड को 6 गेंद में 19 रन की जरूरत थी। जिमी नीशम 51 पर और ट्रेंट बोल्ट 9 पर नाबाद थे। नीशम नॉन स्ट्राइकर एंड पर थे। पहली गेंद पर बोल्ट ने सिंगल लेकर स्ट्राइक नीशम को दी। अगली गेंद स्टार्क ने इतनी बाहर डाल दी कि गेंद कीपर से मिस होते हुए बाउंड्री पार चली गई। इस गेंद पर न्यूजीलैंड को पांच रन मिले। अब 5 गेंद में 13 रन की जरूरत थी। ओवर की दूसरी गेंद पर नीशम ने दो रन भागे। बाउंड्री लाइन पर ग्लेन मैक्सवेल ने एक बेहतरीन तरीके से बाउंड्री रोकी।
इंगलिस ने नीशम को कर दिया रन आउट
इसके बाद ओवर की तीसरी गेंद पर नीशम ने फिर से गेंद को बाउंड्री लाइन की तरफ खेला और दो रन मिले। बाउंड्री पर मार्नस लाबुशेन ने गजब का एफर्ट लगाते हुए अपनी टीम के लिए दो रन बचाए। अब न्यूजीलैंड को जीत के लिए 2 गेंद में 7 रन की जरूरत थी। नीशम ने ओवर की पांचवीं गेंद जो कि फुल टॉस थी उसे मिड विकेट की तरफ खेला। एक रन पूरा करने के बाद नीशम दूसरे रन के लिए दौड़ पड़े। दूसरा लेने के दौरान जोश इंगलिस ने नीशम को रन आउट कर दिया।
आखिरी गेंद पर थी 6 रन की जरूरत
जिमी नीशम के रन आउट होने के बाद न्यूजीलैंड को आखिरी गेंद पर 6 रन की जरूरत थी। स्ट्राइक पर ट्रेंट बोल्ट थे। बोल्ट बड़ा शॉट नहीं मार पाए और ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच 5 रन से जीत लिया। इस रोमांचक मैच में दोनों टीमों ने कुल मिलाकर 771 रन बनाए। यह वर्ल्ड कप इतिहास का रिकॉर्ड है, जिसमें किसी एक मैच में सबसे ज्यादा रन बने। इन दोनों टीमों ने मिलकर साउथ अफ्रीका और श्रीलंका के द्वारा बनाया गया रिकॉर्ड तोड़ दिया। उस मैच में 754 रन बने थे।