Australia vs Namibia, T20 World Cup 2024 Match Highlights: ऑस्ट्रेलिया ने 12 जून 2024 को एंटिगा के सर विवियन रिसर्च स्टेडियम में इतिहास रच दिया। ऑस्ट्रेलिया ने टी20 विश्व कप के 24वें मुकाबले में नामीबिया को 9 विकेट से हराया। ऑस्ट्रेलिया ने यह जीत महज 34 गेंद में हासिल की यानी 86 गेंदें शेष रहते हुए उसने नामीबिया को हरा दिया। गेंदे शेष रहते हुए T20 क्रिकेट में उसकी यह सबसे बड़ी जीत है।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 4 नवंबर 2021 को दुबई में बांग्लादेश के खिलाफ 82 गेंद शेष रहते 8 विकेट से जीत हासिल की थी। ऑस्ट्रेलिया ने पावरप्ले के अंदर ही यह मैच जीत लिया। टी20 विश्व कप में पावरप्ले में उसने सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी बनाया। इस जीत के साथ ही मिचेल मार्श की अगुआई वाली ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2024 में सुपर-8 चरण के लिए भी क्वालिफाई कर लिया।

ऑस्ट्रेलिया की इस जीत के हीरो रहे एडम जम्पा, डेविड वार्नर और ट्रेविस हेड। कप्तान मिचेल मार्श ने भी 9 गेंद में 18 रन की नाबाद पारी खेली। एडम जम्पा की अगुआई में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने नामीबिया की बल्लेबाजी को शुरुआत में ही तहस-नहस कर दिया। सिर्फ इरास्मस ही संघर्ष कर पाए।

ऑस्ट्रेलिया के लिए 72 रन का स्कोर कभी भी चुनौती नहीं रहने वाला था। डेविड वार्नर ने जल्दी से जल्दी मैच खत्म करने की कोशिश की। डेविड वार्नर के आउट होने के बाद ट्रेविस हेड भी उनकी राह पर चल पड़े। मिचेल मार्श भी उसी मूड में थे। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच के जरिये दिखाया कि वह कितनी पेशेवर विजेता टीम है। नामीबिया के लिए यह मैच एक कठिन सबक है।

टी20 विश्व कप में पावरप्ले में ऑस्ट्रेलिया के सबसे ज्यादा रन

74/1: ऑस्ट्रेलिया बनाम नामीबिया सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम 2024
74/2: ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड ब्रिजटाउन 2024
67/2: ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश दुबई 2021
63/0: ऑस्ट्रेलिया बनाम श्रीलंका दुबई 2021
62/0: ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश केप टाउन 2007
62/1: ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्टइंडीज कोलंबो 2012

टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा गेंदें शेष रहते हुए जीत

90 गेंद: श्रीलंका बनाम नीदरलैंड्स चटगांव 2014
86 गेंद: ऑस्ट्रेलिया बनाम नामीबिया सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम 2024
82 गेंद: ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश दुबई 2021
81 गेंद: भारत बनाम स्कॉटलैंड दुबई 2021
77 गेंद: श्रीलंका बनाम नीदरलैंड्स शारजाह 2021

AUS vs NAM Match Report: ऑस्ट्रेलिया बनाम नामीबिया मैच रिपोर्ट

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। एडम जम्पा, जोश हाजलेवुड और मार्कस स्टोइनिस की कहर बरपाती गेंदों के आगे नामीबिया की टीम 17 ओवर में सिर्फ 72 रन पर ढेर हो गई। नामीबिया की ओर से कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ही संघर्ष कर पाए। वह 4 चौके और एक छक्के की मदद से 43 गेंद में 36 रन बनाकर आउट हुए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने 5.4 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 74 रन बनाकर मैच जीत लिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से डेविड वार्नर ने तीन चौके और एक छक्के की मदद से 8 गेंद में 20 रन बनाए। ट्रेविस हेड 5 चौके और दो छक्के की मदद से 17 गेंद में 34 रन बनाकर नाबाद रहे। मिचेल मार्श ने अपनी 9 गेंद की नाबाद पारी के दौरान तीन चौके और एक छक्का लगाया।