आखिरकार मुंबई इंडियंस के लाखों प्रशंसकों का इंतजार खत्म हो गया, क्योंकि उनके ‘सुपरहीरो’ की मुंबई इंडियंस के कैंप में धमाकेदार एंट्री हो चुकी है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 18वां सीजन 22 मार्च से शुरू होना है, लेकिन रोहित शर्मा का आना बाकी था। अब इंतजार को सार्थक बनाते हुए रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के कैंप में पहुंच चुके हैं।
‘मुंबई चा राजा’ अपने घर पहुंचेंगे और एंट्री क्लासिक नहीं होगी, क्या यह संभव है? बिल्कुल नहीं। रोहित शर्मा के आने के बाद मुंबई इंडियंस ने स्टार के आगमन का एक सिनेमैटिक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में रोहित शर्मा ब्लैक कोट और ब्लैक गॉगल्स में अलग अंदाज में दिखे। उनका यह स्वैग वाला अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
चैंपियंस ट्रॉफी खत्म होने के बाद, फोकस तुरंत आईपीएल 2025 पर चला गया। यह बड़ा इवेंट 2 दिन बाद बड़े मंच पर आने वाला है। इससे पहले, मुंबई इंडियंस ने एक सफल टूर्नामेंट के लक्ष्य के साथ अपना कैंप शुरू किया और खिलाड़ी कैंप में शामिल हुए। जब मुंबई इंडियंस के सितारे नेट्स पर कड़ी मेहनत कर रहे थे, तो प्रशंसक रोहित शर्मा के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
आखिरकार ‘हिटमैन’ ने बॉलीवुड स्टाइल में एंट्री करके सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। वीडियो की शुरुआत जासूसों से होती है जो 264 मिलियन के इनाम की तलाश में हैं। इस बीच, भारतीय कप्तान ने शानदार लुक में आकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। वीडियो में देखा जा सकता है कि जासूस उन पर करीबी नजर रख रहे हैं।
रोहित शर्मा ट्राइडेंट होटल की खिड़की के पास खड़े होकर मुंबई इंडियंस के किले यानी वानखेड़े स्टेडियम को निहार रहे थे। जैसे ही इनाम की राशि 450 मिलियन तक पहुंची, मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान को क्लासिक फॉर्मल लुक और हाथ में बल्ला लिए हुए स्टाइल में चलते हुए देखा गया। फ्रेंचाइज़ी की ओर से शेयर किया गया यह वीडियो जंगल में आग की तरह फैल गया।
वीडियो की शुरुआत कुछ इस तरह होती है। एक व्यक्ति वॉकी-टॉकी पर निर्देश दे रहा है, ‘शिकारियों को इकट्ठा करो, इनाम अब तक के उच्चतम स्तर पर है… 264 मिलियन… तुम्हारा टारगेट द हिटमैन।’ इसके बाद कई ‘जासूस’ रोहित पर नजर रखने के लिए निकल पड़ते हैं। कोई उनका पैदल पीछा कर रहा है। कोई गाड़ी से पीछा कर रहा है।
एक ‘जासूस’ ट्राइडेंट होटल पहुंचता है। वह दूरबीन से देखता है तो रोहित शर्मा वानखेड़े स्टेडियम की ओर निहार रहे हैं। अब वॉकी-टॉकी पर निर्देश देने वाला व्यक्ति कह रहा है, ‘सावधान! इनाम अब बढ़कर 450 मिलियन हो गया है। मैं दोहरा रहा हूं 450 मिलियन।’ नीचे दिए गए वीडियो का आप भी आनंद ले सकते हैं।
बता दें कि 2024 में टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतने के बाद, रोहित शर्मा ने सबसे छोटे फॉर्मेट से संन्यास (इंटरनेशनल) ले लिया था। अब वह इस फॉमेट में वापस आ गए हैं। रोहित शर्मा को फिर से एक्शन में देखने के लिए प्रशंसक बेताब हैं। पिछला सीजन फ्रेंचाइज़ी के लिए एक बुरा सपना साबित हुआ था। वह अंक तालिका में सबसे निचली पायदान पर रही थी। अब जैसे-जैसे नया सीजन आ रहा है, मुंबई इंडियंस हार्दिक पंड्या की कप्तानी में वापसी की कोशिश कर रही है। कप्तान न होने के बावजूद, रोहित कई वर्षों के अनुभव के साथ फ्रेंचाइजी के एक प्रमुख व्यक्ति हैं।