हांगझू एशियन गेम्स में रविवार, 24 सितंबर 2023 को रोइंग में भारत ने कमाल का प्रदर्शन किया। भारत ने 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज समेत 3 मेडल झटके। अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह ने मेंस लाइटवेट डबल स्कल इवेंट में सिल्वर मेडल जीतकर भारत का खाता खोला। फिर मेंस पेयर में लेख राम और बाबू लाल यादव की जोड़ी ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इसके बाद मेंस टीम 8 इवेंट में सिल्वर मेडल आया।

अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह के लिए राह आसान नहीं थी। अरविंद की कमर में चोट के कारण गेम्स की तैयारी प्रभावित हुई थी। लगभग एक महीने तक ट्रेनिंग नहीं कर पाए थे। इसके बाद भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और देश को सिल्वर मेडल दिलाया। भारतीय जोड़ी 6 : 28 . 18 सेकंड का समय निकालकर दूसरे स्थान पर रही। चीन के जुंजी फान और मान सुन ने 6 : 23 . 16 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक हासिल किया। उजबेकिस्तान के शखजोद नुरमातोव और सोबिरजोन सफरोलियेव ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

एशियन गेम्स से जुड़े पल पल के अपडेट्स पढ़ने के लिए क्लिक करें

अरविंद की कमर की चोट के कारण तैयारियां हुईं बाधित

अरविंद ने पदक जीतने के बाद कहा कि उनका लक्ष्य स्वर्ण था, लेकिन दो महीने पहले लगी कमर में चोट के कारण उनकी तैयारियां बाधित हुई। इसके अलावा उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि अगला लक्ष्य पेरिस ओलंपिक 2024 में पदक जीतना है। उन्होंने कहा,‘‘ हम 20-25 दिन अभ्यास नहीं कर सके क्योंकि मेरी कमर में चोट लगी थी। अब हम पेरिस ओलंपिक पर ध्यान केंद्रित करेंगे और 2026 एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने की कोशिश करेंगे।’’ उनके साथी अर्जुन ने कहा,‘‘ हमने स्वर्ण जीतने की पूरी कोशिश की। हमारे कोच ने कहा कि अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करो। हम अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं दोहरा सके जो हमने पुणे में आर्मी नोडल सेंटर में किया था।’’

कॉक्स 8 स्पर्धा में चीन से था कड़ा मुकाबला

पुरूषों की कॉक्स 8 स्पर्धा में भारत और चीन के बीच कड़ा मुकाबला था, जिसमें भारतीय टीम 5 : 43 . 01 सेकंड का समय निकालकर दूसरे स्थान पर रही। चीन ने 2.84 सेकंड से बाजी मारकर स्वर्ण पदक जीता।भारतीय टीम में नीरज, नरेश कलवानिया, नीतिश कुमार, चरणजीत सिंह, जसविंदर सिंह, भीम सिंह, पुनीत कुमार और आशीष शामिल थे। इंडोनेशिया को कांस्य पदक मिला। जापान और उजबेकिस्तान जैसे रोइंग के धुरंधरों की टीमें पाचवें और चौथे स्थान पर रही।

बाबूलाल यादव और लेख राम की जोड़ी को मिला कांस्य पदक

कॉक्सलेस पेयर में भारत के बाबूलाल यादव और लेख राम को कांस्य पदक मिला, जिन्होंने 6 : 50 .41 सेकंड का समय निकाला। चीन ने स्वर्ण और उजबेकिस्तान ने रजत पदक जीता। भारत ने रोइंग में 33 सदस्यीय दल भेजा है। एशियन गेम्स 2023 में भारत अबतक कुल 5 मेडल जीत चुका है। 3 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज आ चुके हैं। बांग्लादेश को हराकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम फाइनल में पहुंच चुकी है। यानी एक मेडल क्रिकेट में भी पक्का हो गया है।