चीन के हांगझू में एशियन गेम्स में क्रिकेट भी देखने को मिलेगा। क्रिकेट पहले भी एशियन गेम्स में हो चुका है,लेकिन इंडियन क्रिकेट टीम पहली बार इसमें हिस्सा लेगी। गेम्स में टी20 फॉर्मेट में क्रिकेट होगा। महिला क्रिकेट इवेंट 19 सितंबर से 28 सितंबर के बीच होगा। इस दौरान कुल 11 मैच होंगे। सभी मैच झेजियांग यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी पिंगफेंग क्रिकेट फील्ड में खेले जाएंगे। इस दौरान कुल 8 टीमें पदक के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।
इंटरनेशनल क्रिकेट में रैंकिंग की वजह से भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमें सीधे क्वार्टर फाइनल खेलेंगी। बाकी 4 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा गया है। यह 4 टीमें इंडोनेशिया, मंगोलिया, हॉन्गकॉन्ग और मलेशिया हैं। इस बात में कोई शक नहीं है कि हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय महिला टीम गोल्ड की दावेदार है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट में दूसरी बार खेलेगी
यह दूसरी बार है जब भारतीय महिला क्रिकेट टीम किसी मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट में खेलेगी। पिछले साल बर्मिंघम में कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में, भारतीय महिला टीम को फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद सिल्वर से संतोष करना पड़ा था। फैंस को टीम इंडिया से इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद होगी। 21 सितंबर के भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम में 19 खिलाड़ियों का चयन
एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम में 19 खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिसमें चार स्टैंड-बाय खिलाड़ी भी शामिल हैं। हरमनप्रीत कौर की डिप्टी स्मृति मंधाना होंगी। चयन समिति ने अंजलि सरवानी की जगह पूजा वस्त्राकर को शामिल किया है, जो पहले खिलाड़ियों की स्टैंडबाय सूची का हिस्सा थीं। इसके अलावा टीम में शैफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा और जेमिमा रोड्रिगेज जैसी खिलाड़ी हैं। ऋषिकेश कानिटकर टीम के कोच हैं।
क्रिकेट पहले भी रहा है एशियन गेम्स का हिस्सा
एशियन गेम्स में क्रिकेट पहले भी दो बार खेला जा चुका है। 2010 में गुआंगझोऊ और 2014 में इंचियोन एशियन गेम्स में क्रिकेट हिस्सा था। पाकिस्तान की महिला टीम दोनों बार के फाइनल में बांग्लादेश को हराकर गोल्ड जीती। 2018 में जकार्ता में हुए एशियन गेम्स का क्रिकेट हिस्सा नहीं था। ऐसे में क्रिकेट की एशियन गेम्स में 9 साल बाद वापसी होगी।
एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का फॉर्मेट
इंडोनेशिया, मंगोलिया, हॉन्गकॉन्ग और मलेशिया को 2 ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप ए में इंडोनेशिया और मंगोलिया हैं। 19 सितंबर से 20 सितंबर के बीच 3 मैच होंगे और इन चारों टीमों की रैंकिंग का फैसला होगा। क्वार्टर फाइनल में ग्रुप स्टेज में सबसे नीचे रहने वाली टीम भारत से खेलेगी। तीसरे नंबर पर रहने वाली टीम पाकिस्तान से खेलेगी। दूसरे नंबर की टीम श्रीलंका और पहले नंबर वाली टीम बांग्लादेश से खेलेगी। क्वार्टर फाइनल की टॉप 4 टीम सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। दोनों सेमीफाइनल के विजेताओं के बीच गोल्ड के लिए मैच होगा।
ग्रुप/फेज | टीम |
ग्रुप A | इंडोनेशिया, मंगोलिया |
ग्रुप B | हॉन्गकॉन्ग, मलेशिया |
क्वार्टर-फाइनल – सीधे क्वालीफाई | भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश |
कहां होगा प्रसारण
एशियन गेम्स 2023 में क्रिकेट मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव पर उपलब्ध होगी। एशियन गेम्स में क्रिकेट का सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क टीवी चैनल्स पर सीधा प्रसारण होगा। भारतीय समयानुसार मैच सुबह 6.30 बजे और 11.30 बजे शुरू होंगे।
एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का शेड्यूल
तारीख | मैच | ग्रुप/स्टेज | समय |
19 सितंबर, मंगलवार | इंडोनेशिया बनाम मंगोलिया | A | सुबह 6:30 बजे |
19 सितंबर, मंगलवार | हॉन्गकॉन्ग बनाम मलेशिया | B | सुबह 11:30 बजे |
20 सितंबर, बुधवार | पहला मैच हारने वाला बनाम दूसरा मैच हारने वाला | क्वार्टर-फाइनल क्वालिफायर | सुबह 6:30 बजे |
21 सितंबर, गुरुवार | भारत (पहली रैंक वाली टीम) बनाम अभी तय नहीं | क्वार्टर-फाइनल 1 | सुबह 6:30 बजे |
21 सितंबर, गुरुवार | पाकिस्तान (दूसरी रैंक वाली टीम) बनाम अभी तय नहीं | क्वार्टर-फाइनल 2 | सुबह 11:30 बजे |
22 सितंबर, शुक्रवार | श्रीलंका (तीसरी रैंक वाली टीम) बनाम अभी तय नहीं | क्वार्टर-फाइनल 3 | सुबह 6:30 बजे |
22 सितंबर, शुक्रवार | बांग्लादेश (चौथी रैंकिंग वाली टीम) बनाम अभी तय नहीं | क्वार्टर-फाइनल 4 | सुबह 11:30 बजे |
24 सितंबर, रविवार | क्वार्टरफाइनल 1 विजेता बनाम क्वार्टरफाइनल 4 विजेता | सेमी-फाइनल 1 | सुबह 6:30 बजे |
24 सितंबर, रविवार | क्वार्टरफाइनल 2 विजेता बनाम क्वार्टरफाइनल 3 विजेता | सेमी-फाइनल 2 | सुबह 11:30 बजे |
25 सितंबर, सोमवार | पहला सेमीफाइनल हारने वाली टीम बनाम दूसरा सेमीफाइनल हारने वाली टीम | तीसरा/चौथा मैच (कांस्य पदक) | सुबह 6:30 बजे |
25 सितंबर, सोमवार | पहला सेमीफाइनल जीतने वाली टीम बनाम दूसरा सेमीफाइनल जीतने वाली टीम | फाइनल (स्वर्ण पदक मैच) | सुबह 11:30 बजे |
एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, देविका वैद्य, तितास साधु, राजेश्वरी गायकवाड़, मिन्नू मणि, कनिका आहूजा, उमा छेत्री (विकेटकीपर), अनुषा बारेड्डी और पूजा वस्त्राकर। स्टैंडबाय खिलाड़ियों की सूची: हरलीन देयोल, काशवी गौतम, स्नेह राणा और साइका इशाक।