Ashish Nehra on Hardik Pandya: स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के लिए 2022 काफी शानदार रहा है। पहले उनकी कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने आईपीएल खिताब जीता। इसके बाद उन्होंने टीम इंडिया में सफल वापसी की। गेंदबाजी हो या बल्लेबाजी ऑलराउंडर खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के पहले मैच में उन्होंने पहले 3 विकेट लिए। इसके बाद 17 गेंदों पर नाबाद 33 रन बनाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई।
टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा गुजरात टाइटंस के कोच हैं। ऐसे में हार्दिक पंड्या को उन्होंने काफी करीब से देखा है। उनका मानना है कि ऑलराउंडर में बेटा अगस्त्या के होने के बाद काफी बदलाव हुआ है। इसके बाद से वह काफी शांत हो गए और काम से काम रखने लगे। उन्होंने कहा, “हां, मैंने भी देखा है। यह आवश्यक है। समय और अनुभव के साथ आप एक इंसान और एक खिलाड़ी के रूप में चीजें सीखते हैं। पांड्या अलग नहीं हैं। आपने उन्हें इसके बारे में बात करते देखा होगा।
नेहरा ने आगे कहा, “पांड्या ने कहा है कि उन्होंने अलग-अलग अनुभवों से अलग-अलग चीजें सीखी हैं। अब वह शादीशुदा हैं और एक बच्चे का पिता होने के साथ-साथ काफी परिपक्व है। अगस्त्य के आने से वह शांत हो गए हैं और अपने काम पर अधिक ध्यान केंद्रित करने लगे हैं।यह उनके और भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत अच्छा है।”
नेहरा ने यह भी कहा, “मैं संन्यास लेने से पहले 2016 में उनके साथ खेला था। मैंने अपने संन्यास से ठीक पहले और जब उनका करियर अभी शुरू हो रहा था, तब मैं उनके साथ टी20 में 1-2 साल खेला। वह हमेशा मेहनती और कुशल रहे हैं। वह केवल 28 वर्ष के हैं और उनके पास बहुत समय है। अब जबकि चीजें उनके नियंत्रण में हैं, वह हमें इस तरह की फॉर्म और शांति दिखाते रहेंगे।”
हार्दिक ऑफ-फील्ड विवादों में शामिल थे जिसने उनके करियर को भी प्रभावित किया। इसके लिए उनकी आलोचना भी की गई थी। हालांकि, नेहरा को लगता है कि लोगों को मैदान के बाहर क्रिकेटर के जीवन के बारे में नहीं बोलना चाहिए। उन्होंने कहा,” जब कोई खिलाड़ी अच्छा करता है तब लोग उसकी तारीफ करते हैं। कुछ समय पहले जब वह अच्छा नहीं कर रहे थे तब लोग उनकी लाइफस्टाइल पर निशाना साध रहे थे। मुझे लगता है कि मैदान से बाहर खिलाड़ी क्या करते हैं इसपर बात नहीं होनी चाहिए। सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है कि आप खुद को कैसे तैयार करते हैं और मैदान पर कितनी मेहनत करते हैं।”