एशिया कप के सुपर-4 में पाकिस्तान पर रोमांचक जीत के साथ श्रीलंका फाइनल में तो पहुंच गया लेकिन उसके सामने एक बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। इस परेशानी का नाम है महीष तीक्षणा। वहीं गेंदबाज जिसने इस टूर्नामेंट में श्रीलंका के लिए गेंद से अहम भूमिका निभाई है। पाकिस्तान के खिलाफ तीक्षणा ने अपना सबकुछ झोंक दिया लेकिन अब उनके फाइनल में खेलने पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि यह भारत के लिए राहत की खबर है।

तीक्षणा की मांसपेशियों में आया खिंचाव

श्रीलंका के स्पिनर महेश तीक्षणा मांसपेशियों में खिंचाव के कारण भारत के खिलाफ एशिया कप फाइनल में खेलना संदिग्ध है। तीक्षणा की चोट की गंभीरता का पता स्कैन के बाद चलेगा। पाकिस्तान के खिलाफ  गुरुवार को श्रीलंका की दो विकेट की जीत के दौरान फील्डिंग करते समय तीक्षणा के दायें हैमस्ट्रिंग (पैर की मांसपेशियों) में  खिंचाव आ गया।

स्कैन के बाद होगा फैसला

श्रीलंका क्रिकेट ने गुरुवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘महेश तीक्षणा की दाहिनी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया है। खिलाड़ी की स्थिति का पूरी तरह से आकलन करने के लिए उसका स्कैन किया जाएगा।’’ इस मैच में श्रीलंका की गेंदबाजी के दौरान तीक्षणा को कई बार लंगड़ा कर चलते और मैदान के बाहर जाते देखा गया। उन्होंने चोट के बावजूद 42 ओवर के मैच में अपने नौ ओवर के स्पैल को पूरा किया। तीक्षणा ने एशिया कप के पांच मैचों में 8 विकेट लिए हैं। आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में खेलने वाले तीक्षणा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम बनाया है। उनका चोटिल होना सिर्फ एशिया कप ही नहीं बल्कि वर्ल्ड कप को लेकर भी श्रीलंका के लिए चिंता कारण है।

चोटिल खिलाड़ियों से परेशान श्रीलंका

वह पाकिस्तान की पारी के दौरान 39वें ओवर में टीम के अन्य सदस्यों की मदद से मैदान के बाहर गये। तीक्षणा की चोट ने श्रीलंका की मुश्किलें बढ़ा दी हैं क्योंकि पहले से ही वानिंदु हसरंगा, दुश्मंथा चमीरा, लाहिरू दुशंका और लाहिरू कुमारा जैसे अहम खिलाड़ी चोट के कारण टीम से बाहर हैं। श्रीलंकाई टीम रविवार को फाइनल में भारत से भिड़ेगी।