Asia Cup 2025: भारत को एशिया कप 2025 के सुपर 4 चरण में अपना तीसरा मैच श्रीलंका के खिलाफ खेलना है और इस मैच में भारतीय ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पास पाकिस्तानी खिलाड़ी मोहम्मद रिजवान का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का शानदार मौका होगा।
एशिया कप 2025 में अब तक अभिषेक ने गजब की बैटिंग की है और उन्होंने 5 मैचों में 200 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 248 रन बनाए हैं। वो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर्स की लिस्ट में पहले स्थान पर मौजूद हैं। भारतीय टीम फाइनल में पहुंच चुकी है और श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया अपनी तैयारियों को और पुख्ता करेगी।
रिजवान को पीछे छोड़ अभिषेक के पास नंबर 1 बनने का मौका
इस एशिया कप में भारत को लगभग हर मैच में धमाकेदार शुरुआत देने वाले अभिषेक शर्मा के पास पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा। टी20 एशिया कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रिजवान के नाम पर दर्ज है। उन्होंने साल 2022 में एशिया कप में 6 मैचों में कुल 281 रन बनाए थे। वहीं इस लिस्ट में विराट कोहली दूसरे नंबर पर हैं जिन्होंने साल 2022 में ही 5 मैचों में 276 रन बनाए थे।
अभिषेक इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं जिन्होंने अब तक इस सीजन में खेले 5 मैचों में 248 रन बना लिए हैं। अब अभिषेक श्रीलंका के खिलाफ अगले मैच में जैसे ही 34 रन बनाएंगे वो टी20 एशिया कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर्स की लिस्ट में पहले नंबर पर आ जाएंगे और रिजवान दूसरे नंबर पर खिसक जाएंगे।
टी20 एशिया कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर
मोहम्मद रिजवान- 281 रन- 2022
विराट कोहली- 276 रन- 2022
अभिषेक शर्मा- 248 रन- 2025