एशिया कप के फाइनल में भारतीय टीम ने रविवार को श्रीलंका के खिलाफ 10 विकेट से जीत दर्ज कर 8वीं बार खिताब अपने नाम कर लिया। 5 साल के इंतजार के बाद टीम इंडिया ने फिर से रोहित शर्मा की ही कप्तानी में यह ट्रॉफी जीती। इस खिताब को जीतने में मोहम्मद सिराज ने सबसे अहम योगदान दिया। उन्होंने फाइनल मैच में 6 विकेट चटकाए। श्रीलंकाई टीम 50 रन पर ऑलआउट हो गई और 51 रन के लक्ष्य को भारत ने 6.1 ओवर में ही हासिल कर लिया।
अक्षर की जगह प्लेइंग 11 में शामिल हुए थे वॉशिंगटन
फाइनल मैच के लिए भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने प्लेइंग इलेवन में एक नए खिलाड़ी को मौका दिया था और यह खिलाड़ी वॉशिंगटन सुंदर था, जिन्हें अक्षर पटेल की जगह प्लेइंग इलेवन में रखा गया था। वॉशिंगटन को अचानक बेंगलुरु से कोलंबो बुला लिया गया था। 16 सितंबर को वॉशिंगटन कोलंबो रवाना हुए थे और 17 सितंबर को वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बने, लेकिन बिना बैटिंग और बॉलिंग के वॉशिंगटन स्वदेश लौट आए।
फाइनल में सिर्फ फील्डिंग ही कर पाए वॉशिंगटन
वॉशिंगटन सुंदर एक ऑलराउंडर के रूप में भारतीय टीम में शामिल हुए थे। रोहित ने उन्हें प्लेइंग इलेवन में भी रखा था, लेकिन मैच का हाल ही कुछ ऐसा हुआ कि वॉशिंगटन सिर्फ फील्डिंग करके ही स्वदेश लौट आए। फाइनल में न तो उन्हें गेंदबाजी का मौका मिला और बल्लेबाजी की तो बात ही छोड़ दीजिए। एशिया कप का फाइनल करीब 2 घंटे में ही खत्म हो गया। मोहम्मद सिराज ने इस मैच में 6 विकेट और हार्दिक पंड्या ने 3 विकेट चटकाए थे।
वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा बनेंगे वॉशिंगटन?
एशिया कप का फाइनल खत्म होने के बाद इस बात की चर्चा सबसे ज्यादा है कि वॉशिंगटन सुंदर वर्ल्ड कप टीम का भी हिस्सा बन सकते हैं, क्योंकि अक्षर की चोट सीरियस नजर आती है। अगर अक्षर पटेल विश्व कप टीम से बाहर होते हैं तो उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर या फिर आर अश्विन को टीम में लिए जाने की चर्चा है। खुद रोहित शर्मा ने भी एशिया कप फाइनल के बाद इस बात का संकेत दिया था।