Virat Kohli in Asia Cup 2022: एशिया कप 2022 में सभी की निगाहें टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली पर होगी। दाएं हाथ का बल्लेबाज खराब दौर से गुजर रहा है। साल 2019 के अंत से अतंरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक नहीं जड़ सका है। इसके अलावा ब्रेक लेने के लिए पूर्व खिलाड़ियों के निशाने पर। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया ने कहा है कि विराट एशिया कप में फॉर्म हासिल कर सकते हैं। भारत-पाकिस्तान के बीच 28 अगस्त को मैच होना है। इस मुकाबले को लेकर पूर्व स्पिनर ने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि उनके देश की क्रिकेट टीम के खिलाफ आउट ऑफ फॉर्म खिलाड़ी फॉर्म हासिल कर लेते हैं।
इंडिया टुडे से बात करते हुए कनेरिया ने कहा, “अगर आप पाकिस्तान के इतिहास पर नजर डालें तो हमारे खिलाफ हमेशा आउट ऑफ फॉर्म खिलाड़ी फॉर्म हासिल कर लेते हैं। ऐसा हमेशा हमारे साथ होता है। खिलाड़ी किसी तरह पाकिस्तान के खिलाफ खेलते हुए फॉर्म में वापस आ जाते हैं। विराट कोहली जानते हैं कि यह एक ऐसा मैच है जहां उन्हें अच्छा प्रदर्शन करना है।”
कनेरिया ने आगे कहा, “विराट कोहली के लिए यह बड़ा मैच है कि। उन्हें आगे आना होगा और शानदार प्रदर्शन करना होगा क्योंकि इससे उनका भविष्य तया होगा। प्रशंसक के तौर ऐसी भावनाएं हो सकती हैं कि अगर वह अच्छा नहीं कर रहे हैे, तो हमें उसका समर्थन करना चाहिए। पाकिस्तान टीम के खिलाड़ी भी उन्हें पसंद करते हैं।”
कनेरिया ने यह भी कहा, “हम उन्हें शतक बनाते हुए देखना पसंद करते हैं, लेकिन पिछले तीन साल से वह शतक नहीं बना रहा है। इस दौर से वह निकल जाएंगे। वह मानसिक तौर पर काफी मजबूत खिलाड़ी हैं और रवैया भी ऐसा ही है। वह शानदार वापसी कर सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो उसके आसपास जो चीजें चल रही हैं वह खत्म हो जाएंगी।”
41 वर्षीय पूर्व लेग स्पिनर ने कहा कि कोहली का नाम इसलिए सुर्खियां बटोर रहा है क्योंकि अन्य क्रिकेटर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। आयरलैंड के भारत दौरे के दौरान, टी-20 क्रिकेट में दीपक हुड्डा शतक लगाने वाले चौथे भारत क्रिकेटर बने। इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की और फिर अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया।
कनेरिया ने इसे लेकर कहा, “विराट का नाम क्यों आ रहा है? ऐसा इसलिए है क्योंकि क्रिकेटरों का एक समूह आ रहा है। भारत दूसरी टीम बनाने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाने के बारे में सोच रहा है। उनके पास सूर्यकुमार यादव, ऋतुराज गायकवाड़, राहुल त्रिपाठी और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी हैं। राहुल चोट से वापसी कर रहे हैं। काफी खिलाड़ी फिट हैं और हर कोई अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।”