पाकिस्तान के शीर्ष भाला फेंक एथलीट अरशद नदीम के लंबे समय से कोच सलमान इकबाल पर रविवार (12 अक्टूबर) को देश के एथलेटिक्स महासंघ ने पंजाब एथलेटिक्स संघ के संविधान का उल्लंघन करने के आरोप में आजीवन प्रतिबंध लगा दिया। वह इस संघ के अध्यक्ष हैं।
आजीवन प्रतिबंध के तहत इकबाल किसी भी एथलेटिक्स गतिविधि में भाग नहीं ले सकते और कोचिंग भी नहीं दे सकते हैं और किसी भी स्तर पर कोई पद पर काबिज नहीं हो सकते हैं। पाकिस्तान एमेच्योर एथलेटिक्स महासंघ (पीएएएफ) ने इकबाल पर पंजाब संघ के चुनाव कराकर उल्लंघन करने का आरोप लगाया है, जो अगस्त में हुए थे।
जांच समिति ने इकबाल पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की थी
सितंबर में एक जांच समिति का गठन किया गया था और इसने पाकिस्तान खेल बोर्ड (पीएसबी) को दिए गए उनके जवाब के एक दिन बाद 10 अक्टूबर को इकबाल पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की थी। यह फैसला हाल में इकबाल द्वारा पीएसबी को भेजे गए जवाब से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है, जिसमें उन्होंने उनसे टोक्यो में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नदीम के खराब प्रदर्शन के बारे में स्पष्टीकरण मांगा था। पीएसबी ने भाला फेंक खिलाड़ी की ट्रेनिंग और यात्रा पर हुए खर्च के बारे में भी जानकारी मांगी थी।
इकबाल ने दिया यह जवाब
इकबाल ने अपने जवाब में कहा, “अरशद की तैयारियों में पिंडली की मांसपेशियों की समस्या के कारण हुई सर्जरी के कारण बाधा आई। टोक्यो में ट्रैक हार्ड था। मौसम गर्म और उमस भरा था। इससे विभिन्न स्पर्धाओं में कई एथलीटों का प्रदर्शन प्रभावित हुआ। उन्होंने खुलासा किया कि पाकिस्तान एमेच्योर एथलेटिक्स महासंघ ने पिछले एक साल से नदीम से संबंधित किसी भी चीज से खुद को अलग कर लिया था।
विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का प्रदर्शन: 22 पदक, 7 एशियाई और 3 वर्ल्ड रिकॉर्ड
अरशद की चोट के लिए दोस्त से मदद
ओलंपिक चैंपियन के प्रशिक्षण और यात्रा पर हुए खर्च के बारे में इकबाल ने बताया कि उन्हें एक दोस्त से आर्थिक मदद लेनी पड़ी ताकि पाकिस्तान का यह शीर्ष एथलीट साउथ अफ्रीका में प्रशिक्षण ले सके और पिंडली की मांसपेशियों में चोट लगने के बाद उसके रिहैब में भी मदद मिल सके। उन्होंने यह भी लिखा कि जब पूरा देश नदीम की उपलब्धियों पर खुशी मना सकता है, तो उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाने पर समर्थन भी मिलना चाहिए।
अरशद नदीम ने कई बार देश को कई बार गौरवान्वित किया
इकबाल के खुलासे सभी के लिए चौंकाने वाले थे,क्योंकि नदीम ने 2022 से अब तक देश को कई बार गौरवान्वित किया है और सम्मान अर्जित किए हैं। वह 2024 के पेरिस ओलंपिक में रिकॉर्ड थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले पाकिस्तानी एथलीट बने थे। इससे पहले उन्होंने 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण और 2023 की विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। इन अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों के अलावा, नदीम ने इस साल एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाला फेंक में भी आसानी से स्वर्ण पदक जीता।
पीटीआई इनपुट से खबर