भारतीय क्रिकेट टीम 3 महीने के दौरे पर इंग्लैंड पहुंच गई है। वहां पर खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों की पत्नी तीन दिनों के लिए हार्ड क्वारंटीन में है। साउथम्पटन पहुंचकर सबसे ऋद्धिमान साहा ने तस्वीर शेयर की थी। उनके बाद रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह ने भी फोटो पोस्ट किया। अब भारतीय कप्तान कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा ने फैंस को अपनी झलक दिखाई है। उन्होंने कोहली के बारे में मजेदार बात भी कही।
अनुष्का ने इस दौरान बताया कि कोहली को एक काम से छुट्टी मिल गई है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘‘कुछ दिन तक घर पर काम न लाने का नियम फिलहाल विराट पर लागू नहीं होगा। क्योंकि हम स्टेडियम के पास ही क्वारंटीन हैं।’’ अनुष्का की इस तस्वीर को निश्चित तौर पर विराट ने ही क्लिक किया है। क्योंकि अनुष्का अभी क्वरंटीन में हैं और उनके साथ बेटी वामिका है। इस तस्वीर को अब तक 19 लाख से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं। प्रियंका चोपड़ा को अनुष्का की ये फोटो काफी पसंद आई है। उन्होंने हंसी के साथ दिल वाली इमोजी कमेंट बॉक्स में पोस्ट की।
View this post on Instagram
अनुष्का की इस तस्वीर को अब तक कोहली के अलावा प्रियंका चोपड़ा, आयुष्मान खुराना, दिया मिर्जा, अर्जुन कपूर, सोनाक्षी सिन्हा, हंसिका मोटवानी, केएल राहुल, नूपुर नागर, हार्दिक पंड्या, सानिया मिर्जा, परिणीति चोपड़ा और वरुण धवन सहित लाखों लोगों ने पसंद की। फैंस अनुष्का को बेटी वामिका की झलक दिखाने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, ऐसा होना मुश्किल है। इस बारे में विराट कोहली ने पहले ही साफ कर दिया है कि वो बेटी की तस्वीर नहीं डालेंगे।
दरअसल, इंस्टाग्राम पर विराट से एक फैन ने सवाल किया था, ‘‘वामिका का मतलब क्या है? वो कैसी है? क्या मैं उसकी एक झलक देख सकता हूं?’’ इस पर कोहली ने वामिका के नाम का मतलब बताया। उन्होंने कहा कि यह देवी दुर्गा का दूसरा नाम है। तस्वीर दिखाने के बात पर कोहली ने कहा, ‘‘नहीं, एक कपल के तौर पर हमने ये फैसला किया है कि हम अपने बच्चे को सोशल मीडिया पर नहीं दिखाएंगे, जब तक कि वो खुद ये न समझ ले कि सोशल मीडिया होता क्या है और इस बारे में वो खुद फैसला ले सके।’’