Birmingham 2022 Commonwealth Games: पहलवान दीपक पूनिया ने 5 अगस्त 2022 की रात बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने पुरुषों के 86 किग्रा भार वर्ग में फाइनल में पाकिस्तान के अनुभवी मोहम्मद इनाम को 3-0 से हराया। राष्ट्रमंडल खेल 2022 में कुश्ती में भारत का यह तीसरा गोल्ड मेडल रहा। दीपक के गोल्ड मेडल जीतने पर उन्हें देश-दुनिया से बधाइयां मिल रही हैं। महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने भी दीपक पूनिया को खास अंदाज में बधाई दी है।

हालांकि, आनंद महिंद्रा ने इस बात पर अफसोस भी जाहिर किया कि पाकिस्तान के खिलाफ भारत की इस ऐतिहासिक जीत के मौके पर वह इंग्लैंड में मौजूद नहीं थे। आनंद महिंदा ने ट्वीट में लिखा, ‘यह पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत है। काश इसे देखने के लिए मैं इंग्लैंड में होता…। दीपक पूनिया तुझे सलाम। इसके बाद उन्होंने इंडिया की इमोजी भी पोस्ट की।’

आनंद महिंद्रा के ट्वीट पर बहुत से लोगों ने कमेंट्स भी किए और पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत पर खुशी जताई। @ShridharNirala ने लिखा, ‘दीपक पूनिया ने 2018 के स्वर्ण पदक विजेता पाकिस्तानी पहलवान इनाम को 3-0 से हराया। इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता।’ @ppkukillaya ने लिखा, ‘क्रिकेट हो या कोई अन्य खेल, भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला हर मैच देखने लायक होता है।’

@vandye_mataram ने आनंद महिंद्रा को टैग करते हुए लिखा, ‘यह एक स्वर्ण पदक नहीं है, बल्कि यह एक हीरा है या आप इसे डबल गोल्ड मेडल कह सकते हैं…। एक तो गोल्ड और दूसरी बात पाकिस्तानी को हराया, जोकि भारतीय होने के नाते हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है। जब-जब पाकिस्तानी भारत के सामने आइएगा, इसी तरह बुरी तरह मुंह की खाएगा।’

@GurujiOnly ने लिखा, ‘राष्ट्रमंडल खेल में महिला हॉकी के मैच में अंपायर के सिर्फ एक फैसले ने गोल्ड आने की खुशी को आंसू में बदल दिया। काश मेरे पास अंपायर के उस फैसले को वापस लेने के लिए कोई जादू होता। महिला हॉकी टीम ने हमें पहले से कहीं अधिक गौरवान्वित किया है।’

बता दें कि आनंद महिंद्रा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वह हर मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखने के लिए जाने जाते हैं। वह सोशल मीडिया पर यूजर्स की ओर से पूछे जाने वाले सवालों का जवाब भी देते रहते हैं।