नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर भारत को ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा में पहली बार मेडल दिलाया है। उनकी इस उपलब्धि के बाद देश भर से उन्हें बधाई संदेश मिल रहे हैं और उनके लिए इनामों की घोषणा भी की जा रही है। इसी कड़ी में महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने भी लोगों की डिमांड पर उन्हें XUV700 गिफ्ट करने का निर्णय लिया है।

दरअसल कल ट्विटर पर नीरज के इतिहास रचने पर आनंद महिंद्रा ने भी एक ट्वीट किया था। इस ट्वीट में उन्होंने नीरज चोपड़ा को बाहुबली बताते हुए उनकी फोटो और बाहुबली फिल्म का पोस्टर शेयर किया था। इस पर एक यूजर ने महिंद्रा से नीरज चोपड़ा को XUV700 देने की बात पूछी।

जवाब में आनंद महिंद्रा ने एक और ट्वीट करते हुए लिखा कि,’बिल्कुल…देश के गोल्डेन एथलीट को XUV700 गिफ्ट करना मेरा व्यक्तगित सौभाग्य होगा।’ उन्होंने अपनी कंपनी के दो अधिकारी विजय नाकरा और राजेश जेजुरिकर को टैग करते हुए लिखा कि, आप एक XUV700 उनके (नीरज चोपड़ा) के लिए तैयार रखें।


आनंद महिंद्रा लगातार भारतीय खिलाड़ियों को कार गिफ्ट करने के लिए चर्चा में रहते हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत के लिए डेब्यू करने वाले टी. नटराजन और मोहम्मद सिराज को भी उन्होंने महिंद्रा की थार (Thar) गिफ्ट की थी। हाल ही में पीवी सिंधु के पदक जीतने के बाद भी उन्हें थार गिफ्ट करने की मांग उठी थी। जिसके जवाब में महिंद्रा ने कहा था कि सिंधु के गैराज में पहले से थार मौजूद है।


गौरतलब है कि शनिवार को नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रचते हुए देश को 13 साल बाद गोल्ड मेडल दिलाया था। उनसे पहले भारत को व्यक्तिगत स्पर्धा में सिर्फ इकलौता गोल्ड 2008 में शूटर अभिनव बिंद्रा ने दिलाया था।

वहीं अगर कुल गोल्ड मेडल की बात करें तो नीरज का ये गोल्ड ओलंपिक इतिहास में भारत का 10वां गोल्ड है। इससे पहले नीरज और बिंद्रा के अलावा 8 गोल्ड मेडल भारत को हॉकी में मिल चुके हैं।