पूर्व भारतीय बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने 10 दिन के अंदर ही राजनीति से संन्यास लेने के पीछे की वजह का खुलासा किया है। रायुडू ने क्रिकेट के लिए राजनीति छोड़ने का फैसला किया था। रविवार को उन्होंने ट्वीट कर बताया कि वह 19 जनवरी से दुबई में शुरू होने वाली ILT20 लीग में एमआई एमिरेट्स (मुंबई इंडियंस) के लिए खेलते नजर आएंगे, इसीलिए उन्होंने पेशेवर खिलाड़ी के रूप में राजनीति छोड़ने का फैसला किया। बता दें कि रायुडू ने 28 दिसंबर को YSRP ज्वॉइन की थी, लेकिन 8 दिन बाद ही उन्होंने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया।
IPL में भी मुंबई इंडियंस के साथ शुरू किया था सफर
अंबाती रायुडू ने पिछले साल आईपीएल से संन्यास की घोषणा की थी। 2010 में अपना आईपीएल करियर शुरू करने वाले अंबाती रायुडू सबसे पहले मुंबई इंडियंस के लिए ही खेले थे। 2017 तक रायुडू मुंबई इंडियंस के साथ, लेकिन 2018 में उन्हें सीएसके ने साइन कर लिया था। उसके बाद से रायुडू सीएसके का ही हिस्सा रहे और उन्होंने सीएसके में रहते ही संन्यास की घोषणा की।
20 जनवरी को पहला मैच दुबई कैपिटल्स vs मुंबई एमिरेट्स
इंटरनेशनल टी20 लीग का आगाज 19 जनवरी से दुबई में हो रहा है। 20 जनवरी को एमआई एमिरेट्स अपना पहला मुकाबला दुबई कैपिटल्स के खिलाफ खेलेगी। इस टूर्नामेंट के अगले सीजन से पहले एमआई एमिरेट्स ने अपने कप्तान को बदलने का फैसला किया है। 2023 में कीरोन पोलार्ड मुंबई की टीम के कप्तान थे, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उन्हें अगले सीजन के लिए कप्तानी से हटा दिया और निकोलस पूरन को अपना कप्तान बना दिया।