भारत के सबसे बड़े घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी में वैसे तो रेड बॉल क्रिकेट होता है और इसे टेस्ट फॉर्मेट में खेला जाता है। लेकिन मेघालय के खिलाड़ी आकाश चौधरी ने सूरत में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ प्लेट ग्रुप के मुकाबले में 11 गेंद पर अर्धशतक लगाते हुए फर्स्ट क्लास क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज पचासा लगाया और वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। वहीं इस दौरान उन्होंने एक ओवर में छह छक्के भी लगाए। इतना ही नहीं इस पारी में 8 गेंद पर लगातार आठ छक्के लगाने वाले भी वह पहले बल्लेबाज बन गए।
आकाश चौधरी ने अपनी पारी में 14 गेंद खेलते हुए 50 रन बनाए और एक भी चौका नहीं लगाया जबकि 8 छक्के लगा दिए। उन्होंने 11 गेंद पर ही अपना पचासा पूरा कर लिया था। वहीं एक ओवर में आकाश ने छह छक्के भी लगाए। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वह ऐसा करने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बने। उनसे पहले रवि शास्त्री और गैरी सोबर्स ने फर्स्ट क्लास मैच के एक ओवर में छह छक्के लगाए थे।
13 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
आकाश चौधरी ने दुनियाभर के फर्स्ट क्लास क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने 2012 में काउंटी के खिलाड़ी वेन व्हाइट के 12 गेंद पर अर्धशतक के रिकॉर्ड को तोड़ा। जबकि रणजी ट्रॉफी में उन्होंने 2015-16 में जम्मू कश्मीर के लिए खेलने वाले बंदीप सिंह के 15 गेंद पर अर्धशतक के रिकॉर्ड को भी तोड़ा। अब यह फर्स्ट क्लास क्रिकेट का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया है जो आकाश चौधरी के नाम दर्ज हुआ।
मेघालय ने खड़ा किया विशाल स्कोर
इस मैच में मेघालय ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ पहली पारी में 628 रन 6 विकेट खोकर बनाए। मेघालय के लिए तीन बल्लेबाजों ने शतक लगाए। अर्पित भटेवारा ने 207 रन की पारी खेली। उनके अलावा किशन लिंगदोह ने 119 और राहुल दलाल ने 144 रन की पारी खेली। अजय दुहान ने 53 रन की पारी खेली। वहीं अंत में आकाश चौधरी ने 14 गेंद पर नाबाद 50 रन ठोके।
