Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के 11वें लीग मैच में श्रीलंका के खिलाफ अफगानिस्तान ने अपने टीम के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी की तूफानी बैटिंग के दम पर 20 ओवर में 8 विकेट पर 169 रन बनाए और श्रीलंका को जीत के लिए 170 रन का टारगेट दिया।
मोहम्मद नबी ने पहली पारी के 20वें ओवर में गजब की बल्लेबाजी करते हुए दुनिथ वेलालगे की पहली 5 गेंदों पर लगातार 5 छक्के लगाए। ऐसा लग रहा था कि वो छठे गेंद पर भी छक्का लगा देंगे, लेकिन नबी ऐसा करने से चूक गए। नबी के अलावा इस मैच में अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने भी शानदार पारी खेली। एशिया कप में पहली बार किसी बैटर ने एक ओवर में 5 छक्के लगाए।
नबी ने 20 गेंदों पर लगाया अर्धशतक, लगाए 5 गेंदों पर 5 छक्के
नबी ने श्रीलंका के खिलाफ 22 गेंदों पर 6 छक्के और 3 चौकों के साथ 60 रन की पारी खेली और इस दौरान उन्होंने 272.73 की स्ट्राइक रेट से रन ठोक दिए। उन्होंने इस मैच में अपना अर्धशतक छक्के के साथ 20 गेंदों पर पूरा किया। नबी ने अपनी पारी के दौरान श्रीलंका के गेंदबाजों के होश उड़ा दिए और पहली पारी के आखिरी ओवर में लगातार 5 गेंदों पर 5 बेहतरीन छक्के लगाने का भी कमाल किया। राशिद खान ने भी इस मैच में 23 गेंदों पर एक छक्का और 2 चौकों की मदद से 24 रन की अहम पारी खेली।
नबी ने हार्दिक पंड्या का रिकॉर्ड तोड़ा
श्रीलंका के खिलाफ नबी ने अपनी पारी के दौरान 6 छक्के लगाए और टी20आई में 16-20 ओवर में वो सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में डेविड मिलर के साथ पहले स्थान पर आ गए। नबी और मिलर ने अब तक 16-20 ओवर के बीच टी20आई में 74-74 छक्के लगाे हैं। नबी अब हार्दिक पंड्या से आगे निकल गए जिन्होंने अब तक 71 छक्के लगाए हैं।
T20I में सबसे ज्यादा छक्के (16-20 ओवर)
74 छक्के- मोहम्मद नबी (633 गेंद)
74 छक्के- डेविड मिलर (708 गेंद)
71 छक्के- हार्दिक पांड्या (613 गेंद)
70 छक्के- नजीबुल्लाह जादरान (550 गेंद)
55 छक्के- विराट कोहली (536 गेंद)
52 छक्के- रोवमैन पॉवेल (371 गेंद)
51 छक्के- इयोन मॉर्गन (424 गेंद)
50 छक्के- सिकंदर रजा (344 गेंद)
टी20आई में एक ओवर में लगातार सबसे ज्यादा छक्के (फुल मेंबर)
6 – युवराज सिंह बनाम स्टुअर्ट ब्रॉड, 2007
6 – किरोन पोलार्ड बनाम ए धनंजय, 2021
5 – डेविड मिलर बनाम मोहम्मद सैफुद्दीन, 2017
5 – मोहम्मद नबी बनाम दुनिथ वेलालगे, 2025