Team India New Jersey: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल से पांच दिन पहले बीसीसीआई ने टीम इंडिया की नई जर्सी लॉन्च कर दी है। बीसीसीआई ने वनडे, टी20 और टेस्ट तीनों फॉर्मेट के लिए नई जर्सी लॉन्च की है। कुछ समय पहले ही बीसीसीआई ने एडिडास के साथ करार किया था जिसके बाद से ही फैंस को नई जर्सी का इंतजार था।

बीसीसीआई ने शेयर किया वीडियो

बीसीसीआई ने वीडियो शेयर करके जर्सी लॉन्च की। वीडियो में एक स्टेडियम में नजर आ रहा है। जिसमें तीन जर्सी नीचे रखी हुई दिखाई दे रही हैं। एनिमेटेड हेलीकॉप्टर तीनों जर्सी को ऊपर उठाकर नया लुक फैंस को दिखाते हैं। इस जर्सी को लेकर फैंस के मिक्सड रिएक्शन आ रहे हैं। कुछ लोगों को जर्सी बहुत पसंद आई वहीं कुछ का कहना है कि जर्सी में आसमानी नीला रंग होना चाहिए था।

फैंस को पसंद आई टेस्ट जर्सी

फैंस को सबसे ज्यादा टेस्ट जर्सी पसंद आई है। जर्सी पर कंधे पर दो नीली पट्टियां है। छाती पर इंडिया लिखा है और उसके ऊपर एक ओर एडिडास और दूसरी ओर बीसीसीआई का लोगो है। टीम इंडिया के खिलाड़ी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में इसी जर्सी में दिखाई देंगे। इससे पहले खिलाड़ी एडिडास की ही ट्रेनिंग किट में दिखाई दिए थे जो फैंस को पसंद आई थी। एडिडास और बीसीसीआई के बीच आने वाले पांच साल के लिए डील फाइनल की है। जो साल 2023 से शुरू होकर 2028 तक चलेगी।

आकिब जे ने डिजाइन की है जर्सी

बीसीसीआई के पोस्ट पर मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के आधिकारिक अकाउंट्स से भी पोस्ट किया है। लखनऊ ने कमेंट करते हुए, ‘तीन स्ट्राइप एड करके जर्सी फाइव स्टार जैसी लग रही है।’ इसके अलावा मुंबई इंडियंस ने लिखा, ‘अरे एकदम क्लास’। यह जर्सी दिल्ली के आकिब जे डब्ल्यू ने डिजाइन की है। आकिब ने राजस्थान रॉयल्स की जर्सी भी डिजाइन की थी।