अभिनेत्री अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) ने सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। 25 जून 2021 को उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी कई तस्वीरें शेयर की। इसमें उन्होंने बताया है कि उन्होंने लंदन में अपने बालों को नई स्टाइल दी है। उन्होंने यह भी बताया है कि बालों को नया लुक देने में अभिनेत्री (Actress) सोनम कपूर (Sonam Kapoor) ने उनकी किस तरह मदद की।

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) की पत्नी अनुष्का शर्मा ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘जब बेबी पैदा होने के बाद बालों के झड़ने के कारण आप अच्छे हेयरकट की और ज्यादा तारीफ करने लगें। जॉर्ज नॉर्थवुड (George Northwood) इसके लिए धन्यवाद। आप शानदार हैं। जॉर्ज नॉर्थवुड से संपर्क कराने के लिए सोनम कपूर आपको भी धन्यवाद।’ अनुष्का ने इसी साल जनवरी में बेटी वामिका को जन्म दिया है।

दरअसल, मां बनने के बाद ज्यादातर महिलाएं बाल झड़ने की शिकायत करती हैं। शायद अनुष्का शर्मा के साथ भी ऐसा ही कुछ हो रहा है। यही वजह रही है कि उन्होंने बाल झड़ना रोकने के उपाय करने की जगह अपने बाल ही छोटे करा लिए। वह अपनी नई हेयरस्टाइल से काफी खुश हैं। उन्होंने नई हेयरस्टाइल में ली गई सेल्फी शेयर की हैं।

बता दें कि अनुष्का शर्मा इस समय विराट कोहली के साथ इंग्लैंड में हैं। वह इस दौरान फोटो सेशन करा रही हैं और वहां के मौसम का मजा उठा रही हैं। इस बीच उनकी कई तस्वीरें वायरल हो चुकी हैं। फैंस उनकी तस्वीरों को काफी पसंद कर रहे हैं।

अनुष्का और विराट जब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिए इंग्लैंड रवाना हो रहे थे, तब मुंबई एयरपोर्ट पर कई फोटोग्राफर्स ने उनकी बेटी वामिका की तस्वीर खींचने की कोशिश की थी। कई मीडिया संस्थानों ने वामिका की तस्वीर खींचने का दावा भी किया था। हालांकि, कुछ दिन पहले ही विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर बताया था कि वह और अनुष्का क्यों अभी अपनी बेटी को सोशल मीडिया से दूर रखना चाहते हैं।