दीपिका और सलीमा टेटे के गोल के दम पर भारत ने महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) में सोमवार 30 अक्टूबर 2023 को झारखंड की राजधानी रांची में चीन को 2-1 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इसके साथ ही भारतीय हॉकी टीम ने हांगझू एशियाई खेलों के महिला सेमीफाइनल में चीन से मिली हार का बदला भी ले लिया।

अपने शुरुआती मुकाबले में थाइलैंड को 7-1 और फिर मलेशिया को 5-0 से रौंदने वाली भारतीय टीम को टूर्नामेंट में पहली बार कड़ी टक्कर मिली। भारत के लिए दीपिका ने 15वें जबकि अनुभवी सलीमा ने 26वें मिनट में गोल किया। चीन के लिए एकमात्र गोल जियाकि झोंग ने 41वें मिनट में किया।

हांगझू एशियन गेम्स में महिला हॉकी के सेमीफाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम को चीन के खिलाफ 0-4 से हार झेलनी पड़ी थी। इस जीत के बाद भारतीय टीम की निराशा जरूर कुछ कम हुई होगी। चीन ने उस मैच में भारत को हराकर ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफाई करने का सपना तोड़ दिया था। हांगझू एशियाई खेलों में भारतीय टीम हालांकि जापान को 2-1 से हराकर कांस्य पदक जीतने में सफल रही थी।

सोमवार को हुए अन्य मुकाबलों में जापान ने थाइलैंड को 4-0 से हराया, जबकि मलेशिया और कोरिया का मुकाबला 1-1 की बराबरी पर छ्रटा। भारतीय महिला हॉकी टीम का अगला मुकाबला मंगलवार 31 अक्टूबर 2023 को जापान से होगा। जापान ने भी अब तक अपने तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज की है।

रक्षात्मक दीवार से भारत की आक्रामक शुरुआत को रोका

भारत ने आक्रामक शुरुआत की और बाएं से दाएं आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन चीनी खिलाड़ियों ने मेजबान टीम के किसी भी प्रयास को विफल करने के लिए रक्षात्मक दीवार खड़ी कर दी। हालांकि, भारत ने चीन का डिफेंस भेद दिया। ज्योति सोनिका पेनल्टी कॉर्नर पर गोल में बदलने के लिए आईं, लेकिन स्टॉपर मोनिका की चूक के कारण वह ऐसा नहीं कर पाईं।

दीपिका ने पहले क्वार्टर में भारत के लिए किया गोल

जल्द ही मेजबान टीम को पेनल्टी स्ट्रोक मिला और दीपिका ने पहले क्वार्टर में केवल 30 सेकंड शेष रहते इसे शानदार तरीके से गोल बदल दिया। चीन ने दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही सर्कल में प्रवेश कर लिया लेकिन भारत हर खतरे को टालने में कामयाब रहा।

सलीमा टेटे ने दोगुनी की भारत की बढ़त

लालरेमसियामी को दो मिनट के लिए निलंबित कर दिया गया, लेकिन चीन इस मौके (एक खिलाड़ी कम होने का ) का फायदा उठाने में नाकाम रहा। इसके बाद स्थानीय स्टार सलीमा टेटे ने 25वें मिनट में सर्कल के पास से शानदार रिवर्स हिट लगाकर भारत को 2-0 से आगे कर दिया।