अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में 35 गेंद पर 84 रन की बेहतरीन पारी खेली। इस पारी में उन्होंने पांच चौके और 8 छक्के लगाए। इसी के साथ अभिषेक ने अपनी इस पारी से दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। उन्होंने टी20 इंटरनेशनल के छक्कों के मामले में अपने गुरु युवराज सिंह को पीछे छोड़ा है। यह कहना गलत नहीं होगा कि वह भारत के नए सिक्सर किंग बनने की राह पर हैं।

इशान किशन 784 दिन बाद लौटते ही फ्लाप, चौके से खोला खाता; बस 5 गेंद में ही हो गए आउट

वहीं टी20 में उन्होंने अपने 5000 रन भी पूरे कर लिए हैं। अभिषेक शर्मा ने टी20 में सबसे तेज 5 हजार रन पूरे करने के मामले में विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा है। विराट कोहली ने 167 पारियों में पांच हजार टी20 रन पूरे किए थे। वहीं अभिषेक शर्मा ने अपनी 165वीं टी20 पारी में यह उपलब्धि हासिल कर ली है। वह सबसे तेज ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय हैं।

भारत के लिए सबसे तेज 5000 टी20 रन

  • केएल राहुल: 143 पारी
  • शुभमन गिल: 154 पारी
  • अभिषेक शर्मा: 165 पारी
  • विराट कोहली: 167 पारी

अभिषेक ने अपने गुरु युवराज सिंह को पछाड़ा

वहीं अभिषेक शर्मा ने अपने गुरु युवराज सिंह को भी पीछे छोड़ा है। वह भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले अब छठे बल्लेबाज बन गए हैं। अभिषेक के इस मैच से पहले इस फॉर्मेट में भारत के लिए 73 छक्के 32 पारियों में थे। अब उन्होंने 33वीं पारी में 8 छक्के लगाकर अपने नाम 81 टी20 इंटरनेशनल छक्के कर लिए हैं।

सूर्यकुमार यादव का नागपुर में खास ‘शतक’, रोहित-विराट के क्लब में शामिल; धोनी भी नहीं कर पाए ऐसा

भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के

  • रोहित शर्मा: 205 (151 पारी)
  • सूर्यकुमार यादव: 156 (94 पारी)*
  • विराट कोहली: 124 (117 पारी)
  • हार्दिक पंड्या: 107 (98 पारी)*
  • केएल राहुल: 99 (68 पारी)
  • अभिषेक शर्मा: 81 (33 पारी)*
  • युवराज सिंह: 74 (51 पारी)

अभिषेक शर्मा ने इस पारी में अपना 7वां टी20 इंटरनेशनल अर्धशतक जड़ा और वह दो शतक भी इस फॉर्मेट में लगा चुके हैं। उनके नाम अब कुल 1199 रन टी20 इंटरनेशनल में दर्ज हो चुके हैं। वह मौजूदा समय में दुनिया के नंबर 1 टी20 बल्लेबाज भी हैं। उनके ऊपर अब आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सभी की नजरें होंगी।