पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा अपने सोशल मीडिया पर क्रिकेट से जुड़े कई वीडियो शेयर करते रहते हैं।वह दुनिया के कोने-कोने में घटी घटनाओं के वीडियो शेयर करते रहते हैं और फैंस उन्हें देखकर हैरान रह जाते हैं। सोमवार 12 फरवरी को भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला।

आकाश चोपड़ा ने मंगलवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर एक मैच का वीडियो शेयर किया। यह मैच कब का और कहां का है यह तो साफ नहीं लेकिन वीडियो में गेंदबाजी कर रहे खिलाड़ी ने जरूर सबको हैरान कर दिया। खुद आकाश चोपड़ा इसे देखकर इतना चौंक गए कि उन्होंने इस गेंदबाज की तुलना श्रीलंकाई दिग्गज मुथैया मुरलीधरन से कर दी।

आकाश चोपड़ा ने शेयर किया मजेदार वीडियो

वीडियो में दिख रहा है कि खिलाड़ी गेंद डालता है, जिसे देखकर लगता कि यह स्टंप्स से बहुत बाहर रहेगी। इसी कारण बल्लेबाज स्टंप्स छोड़कर गेंद खेलने के लिए दूसरी ओर चला जाता है। गेंद बहुत ज्यादा ऊंची उठ जाती है लेकिन टप्पा खाना के बाद बहुत ज्यादा टर्न कर गई और जाकर स्टंप्स पर लगी। गेंदबाज ने हाथ खोलकर इस विकेट का जश्न मनाया। वहीं स्टंप्स के पीछे खड़ा विकेटकीपर भी गेंद का टर्न देखकर हैरान रह गया था।

आकाश चोपड़ा ने मुथैया मुरलीधरन से की तुलना

वीडियो की कमेंट्री करते हुए आकाश चोपड़ा कहते हैं, ‘पाजी तैयार हैं, यह किस तरह का एक्शन है। गेंद में इतना टर्न, इतना ज्यादा। भाईसाहब यह बॉल ऑफ द सेंचुरी है। मुथैया मुरलीधरन से भी ज्यादा टर्न दिया है। यह अविश्वसनीय है।’ फैंस भी इस गेंद को देखकर काफी हैरान हुए। उन्होंने कमेंट करते हुए लिखा कि इस मामले में बल्लेबाज की ज्यादा गलती है जो कि इतनी धीमी गेंद को भी जज नहीं कर पाया। वहीं कुछ ने कमेंट करके आकाश चोपड़ा को शेन वॉर्न की गेंद की याद दिलाई जिसे ‘बॉल ऑफ द सेंचुरी’ कहा गया था।