IPL 2020 RR vs DC: यशस्वी जायसवाल को ट्रोल करने वालों को भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा ने जमकर लताड़ लगाई है। उन्होंने यशस्वी की प्रतिभा पर प्रश्नचिन्ह लगाने वालों को आईना दिखाया है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 में 9 अक्टूबर को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में यशस्वी जायसवाल ने धीमी पारी खेली। उन्होंने 36 गेंद में 34 रन ही बनाए। इस दौरान एक चौका और 2 छक्के लगाए। वह पांचवें विकेट के रूप में मार्कस स्टोइनिस की गेंद पर बोल्ड हुए।

यशस्वी अपनी इस धीमी पारी को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गए। लोगों ने उनके बारे में अनाप-शनाप लिखा तो आकाश चोपड़ा को यह बात नागवार लगी। आकाश चोपड़ा ने ऐसे लोगों को फटकार लगाई। आकाश चोपड़ा ने ट्वीट कर कहा, ‘19 साल के युवा क्रिकेटर का मजाक उड़ाने से पहले कृपया अपने आप से सवाल करो। जब तुम 19 साल के थे, तब तुम क्या कर रहे थे? जिस बच्चे का तुम लोग मजाक उड़ा रहे हो वह अंडर-19 लेवल पर पहले ही भारत का प्रतिनिधित्व कर चुका है। यही नहीं वह अंडर-19 वर्ल्ड कप में मैन ऑफ द टूर्नामेंट भी रहा है। वह मुंबई के लिए लिस्ट ए क्रिकेट में डबल सेंचुरी भी लगा चुका है।’ आकाश ने अपने ट्वीट को यशस्वीभव (#YashasviBhav) पर टैग भी किया।

इससे पहले यशस्वी की बैटिंग को देखकर सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी तुलना महेंद्र सिंह धोनी से की। लोगों ने उनकी महेंद्र सिंह धोनी को देखकर हाथ जोड़ने वाली तस्वीर शेयर की। तरह-तरह के मीम्स पोस्ट किए।

@ThalaAcademy ने कटाक्ष करते हुए लिखा, ‘सुपरलेटिव!! थाला ने आज एक अद्भुत युवा प्रतिभा यशसवी जायसवाल को स्वीकार किया। इस पारी में सभी तत्व मौजूद हैं। 100 से कम का स्ट्राइक रेट। नॉन स्ट्राइकर पर दबाव बनाना। जब आपका काम पूरा हो जाए तो रिकॉर्ड सुधारना। थाला अकादमी के इतिहास में सबसे कम उम्र के युवा का एडिमशन हो गया।’

इसके अलावा अन्य ढेरों लोगों ने यशस्वी की धोनी के साथ वाली तस्वीर के जरिए ट्रोल किया। पिछले साल आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में महेंद्र सिंह धोनी की धीमी बल्लेबाजी को लेकर सवाल उठे थे। इस आईपीएल में भी उनकी बल्लेबाजी क्षमता को लेकर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में उन्होंने 3 छक्के की मदद से 17 गेंद में नाबाद 29 रन बनाकर आलोचकों को जवाब दे दिया था।