टोक्यो ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट और पेरिस ओलंपिक के रजत पदक विजेता नीरज चोपड़ा को टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक से सम्मानित किया गया है। भारत सरकार के अधिकृत कानूनी दस्तावेज और वीकली पब्लिक जर्नल ‘द गजट ऑफ इंडिया’ के अनुसार यह नियुक्ति 16 अप्रैल से प्रभावी हुई।
नीरज चोपड़ा इसके साथ ही विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव, बीजिंग ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट निशानेबाज अभिनव बिंद्रा और बतौर कप्तान आईसीसी की 3 मेजर ट्रॉफियां जीतने वाले एमएस धोनी की फेहरिस्त में शामिल हो गए। पूर्व क्रिकेटर कपिल देव को 24 सितंबर 2008 को टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक प्रदान की गई थी। अभिनव बिंद्रा को एक नवंबर 2011 को मानद लेफ्टिनेंट कर्नल के पद से सम्मानित किया गया था। एमएस धोनी को भी 1 नवंबर 2011 को मानद लेफ्टिनेंट कर्नल के पद से सम्मानित किया गया था।
सैन्य मामलों के विभाग के संयुक्त सचिव मेजर जनरल जीएस चौधरी की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘टेरिटोरियल आर्मी रेग्युलेशंस, 1948 के पैरा-31 द्वारा प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए दिनांक 9 मई 2025 के आदेश संख्या 3 (ई) के तहत राष्ट्रपति ने हरियाणा के पानीपत स्थित गांव और पोस्ट ऑफिस खंडरा के रहने वाले पूर्व सूबेदार मेजर नीरज चोपड़ा (PVSM, पद्मश्री, VSM) को सम्मानित करने का आदेश ( 16 अप्रैल 2025 से प्रभावी) दिया है।
नीरज चोपड़ा 26 अगस्त 2016 को भारतीय सेना में नायब सूबेदार के पद पर जूनियर कमीशंड अधिकारी के रूप में भर्ती हुए थे। नीरज चोपड़ा को दो साल बाद अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। साल 2021 में सूबेदार के पद पर पदोन्नत होने से पहले उन्होंने अपनी सराहनीय सेवा के लिए खेल रत्न और विशिष्ट सेवा पदक हासिल किया।
2022 में पद्मश्री से सम्मानित किये गए थे
साल 2022 में भारतीय सशस्त्र बल के सर्वोच्च शांतिकालीन पदक, परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित होने के दो साल बाद उन्हें सूबेदार मेजर के पद पर पदोन्नत किया गया। साल 2022 में पूर्व विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा को भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया था।
नीरज चोपड़ा 23 मई को पोलैंड के चोरजोव में 71वें ओरलेन जानुस्ज कुसोसिंसकी मेमोरियल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। नीरज को एनसी क्लासिक में विश्व भर और भारत के कुछ अन्य स्टार खिलाड़ियों के साथ हिस्सा लेना था और उन्हें 24 मई को इस प्रतियोगिता की मेजबानी भी करनी थी, लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव के कारण इसे स्थगित कर दिया गया।
चोरजोव में नीरज को दो बार के विश्व चैंपियन और पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स, जर्मनी के जूलियन वेबर और पोलैंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक मार्सिन क्रुकोवस्की के अलावा साइप्रियन मर्जिग्लोड और डेविड वेगनर जैसे स्थानीय खिलाड़ियों की चुनौती का सामना करना होगा।
16 मई को दोहा डायमंड लीग में लेंगे हिस्सा
पोलैंड में होने वाली यह प्रतियोगिता नीरज चोपड़ा के लिए सत्र का तीसरा टूर्नामेंट होगा। उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका में की और अब 16 मई को दोहा डाइमंड लीग में हिस्सा लेंगे जहां उन्होंने 2023 (88.67 मीटर) में खिताब जीता और 2024 (88.36 मीटर) में दूसरे स्थान पर रहे। दोहा में भी नीरज चोपड़ा को पीटर्स की चुनौती का सामना करना पड़ेगा। पीटर्स को एनसी क्लासिक में भी 2016 के ओलंपिक चैंपियन जर्मनी के थॉमस रोहलर और 2015 के विश्व चैंपियन केन्या के जूलियस येगो के साथ हिस्सा लेना था।