दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह गिरफ्तार हैं। ईडी के पास उनकी पांच दिन की रिमांड है। अब ईडी ने संजय सिंह के दो करीबियों सर्वेश मिश्रा और विवेक को भी नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुला लिया है। दोनों आप से जुड़े हैं। ईडी दोनों को संजय सिंह के सामने बैठकार पूछताछ करेगी। ईडी की नजर पहले से सर्वेश मिश्रा पर रही है। इसी साल मई में ईडी ने उनके घर की तलाशी ली थी।
कौन हैं सर्वेश मिश्रा?
सर्वेश मिश्रा मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले हैं। फरवरी 2022 में आम आदमी पार्टी ने मिश्रा को उत्तर प्रदेश का पार्टी प्रवक्ता नियुक्त किया था। संजय सिंह के निजी सचिव होने के अलावा, वह पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्टों की सूची में भी हैं। उन्हें कई राजनीतिक बहसों में टीवी पर आप का पक्ष रखते देखा गया है।

आप के एक अंदरूनी सूत्र ने बताया कि सर्वेश मिश्रा, संजय सिंह के संसद से संबंधित कार्यों देखते हैं। सूत्र ने कहा, “वह संजय सिंह के बेहद करीबी हैं और कुछ महीने पहले तक उनके और उनके परिवार के साथ एक ही घर में रहते थे। वह अपने पिता की बीमारी के कारण संजय सिंह के घर से बाहर रहने लगे।” सर्वेश के पिता को कैंसर है। उन्हें इसी साल इलाज के लिए दिल्ली लाया गया।
पार्टी के अंदरूनी सूत्र बताते हैं कि मिश्रा ऐसा लोगों की मदद भी करते हैं जो दिल्ली सरकार के अस्पतालों में इलाज कराना चाहते हैं।
पत्रकारिता में किया है ग्रेजुएशन
सर्वेश मिश्रा की स्कूली पढ़ाई लखनऊ से हुई है। आगे की पढ़ाई के लिए वह सरदार पटेल कॉलेज ऑफ मास कम्युनिकेशन गए। वहां से उन्होंने पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। उनके फेसबुक प्रोफाइल के मुताबिक, वह स्टूडेंट्स यूनाइटेड फॉर इंडिया नामक एनजीओ के उपाध्यक्ष भी हैं।
संजय सिंह पर क्या है आरोप?
दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में संजय सिंह से पहले ईडी मनीष सिसोदिया को जेल भेज चुकी है। संजय सिंह की गिरफ्तारी इस मामले में अभियुक्त रहे दिल्ली के एक कारोबारी दिनेश अरोड़ा के बयान के बाद हुई। अरोड़ा रेस्त्रा के बिजनेस में हैं। उनका दिल्ली के कई हिस्सों में रेस्त्रां चलता है। उन्होंने अपना पहला कैफे दक्षिणी दिल्ली के हौज खास में खोला था। वह नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सदस्य भी हैं।

ईडी का दावा है कि दिनेश अरोड़ा ने उन्हें संजय सिंह से अपने मुलाकात की बात बताई है। ईडी के दावों के मुताबिक, संजय सिंह ने ही अरोड़ा को मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल जैसे आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेताओं से मिलवाया था। संजय सिंह पर मुख्य आरोप यह है कि उनके कहने पर अरोड़ा ने दिल्ली चुनाव के लिए मनीष सिसोदिया को 82 लाख रूपए का चेक दिया।