हिंदी सिनेमा जगत (Bollywood) के सुपरस्टार कहे जाने वाले सलमान खान (Salman Khan) का जन्म 27 दिसंबर साल 1965 को हुआ था। वह बॉलीवुड के सबसे महंगे कलाकारों में से एक हैं। हालांकि उनका विवादों से भी पुराना नाता रहा है। वह अपने गुस्सैल और आक्रामक व्यवहार के कारण जेल भी जा चुके हैं।
एक वाकया युवराज फिल्म (Yuvvraaj) के प्रमोशन के दौरान का है। इस फिल्म का निर्देशन सुभाष घई (Subhash Ghai) कर रहे थे। फिल्म में सलमान खान के अलावा कैटरीना कैफ (Katrina Kaif), अनिल कपूर (Anil Kapoor), जायद खान (Zayed Khan), मुख्य भूमिका में थे।
पत्रकार ऐना एमएम वेट्टिकाड सलमान खान का इंटरव्यू करने पहुंची थीं। साक्षात्कार के बाद वह अपने क्रू के पैकअप करने का इंतजार कर रही थी। तभी फिल्म का एक पब्लिसिस्ट सलमान को स्टार न्यूज (अब एबीपी न्यूज) के स्टूडियो में लाइव बातचीत के लिए मनाने आया।
ऐना ‘कारवां’ पर प्रकाशित अपने लेख में बताती हैं कि कैटरीना कैफ, अनिल कपूर, जायद खान स्टूडियो में जाने के लिए तैयार थे। लेकिन सलमान सबसे जरूरी सलमान को मनाना था। ऐना के मुताबिक, तब कैटरीना सलमान की गर्लफ्रेंड थी। वह सलमान को समझा रही थीं कि फिल्म के बारे में लोगों को बताने के लिए हमें स्टूडियो में जाना चाहिए। वह सलमान को मानने की लाख कोशिश कर चुकी थीं लेकिन सलमान नहीं मान रहे थे।
हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगे सुभाष घई
इसके बाद सलमान को मनाने के लिए फिल्म को निर्देशक सुभाष घई आए। फिल्म इंडस्ट्री को कई हिट फिल्म देने वाले सुभाष घई सलमान के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगे। वह कह रहे थे, ”सलमान, प्लीज, हम लोगों को यह करना पड़ेगा। स्टूडियो जाने और यहां इंटरव्यू देने में बहुत फर्क है।” हालांकि घई की बातों का भी सलमान पर कोई असर नहीं हुआ और उन्होंने कहा, ”जाओ जाकर स्टार न्यूज वालों को बोलो कि अपना स्टूडियो यहां होटल में लेकर आएं।”
कभी भिड़ गए थे सलमान और सुभाष
सलमान खान एक बार सुभाष घई को थप्पड़ भी मार चुके हैं। साल 2002 में एक इंटरव्यू में खान ने बताया था कि कैसे झगड़े की शुरुआत हुई थी। वह बताते हैं, ”सुभाष घई ने मेरे ऊपर चम्मच मारा, चेहरे के पास प्लेट तोड़ी और जूते पर पेशाब कर दिया। इसके बाद मैं अपना गुस्सा कंट्रोल नहीं कर पाया और सुभाष घई को थप्पड़ जड़ दिया।”