Reliance Industries देश का सबसे बड़ा पेट्रोकेमिकल्स उत्पादक है। पेट्रोकेमिकल्स के बिजनेस के मामले में Reliance दुनिया के टॉप-10 कंपनियों में शामिल है। पेट्रोकेमिकल्स का बिजनेस Reliance Industries Limited का सबसे सफल व्यवसायों में से एक है। इसे सफल बनाने का श्रेय Reliance Industries के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी के रिश्तेदार निखिल मेसवानी (Nikhil Meswani) को जाता है।
क्या है रिश्ता?
निखिल मेसवानी मुकेश अंबानी के भतीजे हैं। दरअसल निखिल मेसवानी रसिकलाल मेसवानी के बेटे हैं। रसिकलाल मेसवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। जहां तक रिश्तेदारी की बात है, तो रसिकलाल मेसवानी मुकेश अंबानी के बुआ बेटे हैं। इस तरह मुकेश अंबानी और रसिकलाल मेसवानी कजिन ब्रदर हुए और निखिल मेसवानी मुकेश अंबानी के भतीजे लगे।
37 साल पहले रिलायंस से जुड़े थे
निखिल मेसवानी Reliance Industries से 37 साल पहले साल 1986 में जुड़े थे। उन्होंने एक परियोजना अधिकारी के रूप में रिलायंस के साथ अपना करियर शुरू किया था। साल 1988 में वह कार्यकारी निदेशक नियुक्त किए गए थे। निखिल के बड़े भाई हितल मेसवानी भी रिलायंस इंडस्ट्रीज में कार्यकारी निदेशक हैं।
निखिल मेसवानी ने 1997 और 2005 के बीच बड़े पैमाने पर रिफाइनरी व्यवसाय का भी ध्यान रखा। इतना ही नहीं, वह आईपीएल (IPL) क्रिकेट फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस का भी प्रबंधन करते हैं, जिसके मालिक मुकेश अंबानी हैं।
कंपनी को टेलिकॉम सेक्टर में भी सफल बनाने में निखिल मेसवानी ने प्रमुख भूमिका निभाई है। उन्होंने खुदरा क्षेत्र (Retail Sector) में रिलायंस के प्रवेश की दिशा में भी काम किया, जो तेजी से बढ़ा है।
कहां से की है पढ़ाई-लिखाई?
निखिल मेसवानी पेशे से केमिकल इंजीनियर रहे हैं। निखिल मेसवानी ने ग्रेजुएशन मुंबई विश्वविद्यालय से किया है। इसके बाद वे केमिकल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री करने के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका (UAS) के मैसाचुसेट्स विश्वविद्यालय गए। पढ़ाई पूरी करने के बाद निखिल मेसवानी भारत वापस आ गए और रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़ गए।
मुकेश अंबानी से ज्यादा है सैलरी
वित्त वर्ष 2021-22 में निखिल मेसवानी की कमाई 24 करोड़ रुपए थी। फोर्ब्स के अनुसार, मुकेश अंबानी अपने रिश्तेदार निखिल मेसवानी से कम कमाते हैं। रिलायंस के चेयरमैन ने पिछले एक दशक से अधिक समय से अपने वेतन की सीमा 15 करोड़ रुपये तय की है। COVID-19 महामारी के दौरान मुकेश अंबानी ने वह 15 करोड़ रुपये भी लेना छोड़ दिया। रिलायंस के दस्तावेजों के अनुसार, उनका वेतन ‘शून्य’ है। जी! आपने सही पढ़ा। मुकेश अंबानी की सैलरी जीरो (0) है।
परोपकारी गतिविधियों में शामिल हैं निखिल
निखिल मेसवानी परोपकारी गतिविधियों में भी शामिल हैं। वह Reliance Industries की परोपकारी शाखा Reliance Foundation के एक ट्रस्टी हैं। फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और ग्रामीण विकास सहित विभिन्न क्षेत्र में का काम करता है।
पुरस्कार और सम्मान
निखिल मेसवानी को व्यापार जगत में उनके योगदान के लिए कई पुरस्कार और सम्मान मिल चुका है। 2019 में उन्हें Services category में EY एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर अवार्ड से सम्मानित किया गया था। 2016 में फोर्ब्स पत्रिका ने उन्हें दुनिया के 100 सबसे शक्तिशाली लोगों की सूची में शामिल किया था।