भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने अगस्त 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। अब वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का नेतृत्व करते हैं। हाल में उनकी टीम IPL 2023 का फाइनल मैच मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ जीती है। धोनी क्रिकेट ग्राउंड के अलावा बिजनेस की पिच पर भी पिछले कई सालों से कमाल कर रहे हैं।
धोनी के पास 43 एकड़ में फैला फार्म हाउस है, जिसमें 38 एकड़ पर वह खेती करते हैं। अपने फार्म में वह सब्जी, फल, आदि उगाते हैं। उन्होंने कई बड़ी कंपनियों में भी पैसा लगाया है।
कड़कनाथ का बिजनेस करते हैं धोनी
धोनी पोल्ट्री फार्म के बिजनेस में हैं। अप्रैल 2022 में रांची स्थित धोनी के फार्म हाउस से मध्य प्रदेश की एक सहकारी संस्था को कड़कनाथ मुर्गे के 2000 चूजों का ऑर्डर मिला था। मप्र के झाबुआ जिले के जिलाधिकारी सोमेश मिश्रा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में इस बात की पुष्टि की थी।
झाबुआ के कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ आईएस तोमर के मुताबिक, कड़कनाथ के एक दिन के चूजों की कीमत करीब 75 रुपये है, जबकि 15 दिन और 28 दिन के चूजों की कीमत क्रमश: 90 रुपये और 120 रुपये है।
कड़कनाथ नस्ल के मुर्गे प्रोटीन से भरपूर माने जाते हैं और आम मुर्गों की तुलना में बहुत महंगे मिलते हैं। दिल्ली में ऑनलाइन ग्रॉसरी ऐप पर कड़कनाथ के एक अंडे की कीमत 50 रुपये है। कड़कनाथ का मांस 1500 रुपये प्रति किलो तक मिलता है।
धोनी खेत में क्या-क्या उगाते हैं?
आउलटलुक की एक ग्राउंड रिपोर्ट के मुताबिक, धोनी के गृह राज्य झारखंड के रांची में कैप्टन कूल के फार्म हाउस में उगाई सब्जियों और फलों के लिए दुकानों पर भीड़ लगी रहती है।
रांची के चहल-पहल भरे डेली मार्केट में धोनी के फार्महाउस में उगाई जाने वाली स्ट्रॉबेरी, टमाटर और अन्य उपज बेचने वाले मोहम्मद अरशद कहते हैं कि उनके प्रोडक्ट की मांग इतनी अधिक है कि पूरा स्टॉक कुछ ही समय में खत्म हो जाता है।
झारखंड की राजधानी से कुछ ही दूरी पर सीआरपीएफ कैंप के पास सैम्बो में 43 एकड़ में फैला एक विशाल फार्महाउस धोनी का है। धोनी का परिवार मूल रूप से उत्तराखंड से ताल्लुक रखता है। उन्होंने कुमाऊंनी में अपने फॉर्महाउस का नाम ‘ईजा’ रखा है, हिंदी में इसका अर्थ- ‘मां’ होता है।
धोनी के खेत में अनानास, बेर, आम, अमरूद और पपीते जैसे फलों की कई किस्में उगाई जाती हैं। टमाटर, मटर, ब्रोकोली, कद्दू और कई सब्जियां भी उगाई जाती हैं। स्ट्रॉबेरी अकेले एक एकड़ से अधिक में लगाए गए हैं। उनके फार्म का दावा है कि सब कुछ बिना कीटनाशकों का इस्तेमाल किए उगाया जाता है। खाद के रूप में केवल गाय के गोबर का उपयोग किया जाता है।
दूध का भी व्यापार करते हैं धोनी
धोनी के फार्म पर फलों और सब्जियों के अलावा डेयरी भी है। उनके डेयरी से शहर के कई इलाकों में दूध की सप्लाई होती है। फरवरी 2021 में धोनी के फार्म पर साहीवाल, एचएफ और देशी नस्लों की 73 गायें थीं।
विदेश जाती है धोनी की हरी सब्जियां
धोनी का फार्म दुबई को ऑर्गेनिक सब्जियों की आपूर्ति करता है। इंडिया टुडे ने एक रिपोर्ट में बताया था कि झारखंड के कृषि विभाग ने धोनी की सब्जियों को विदेश भेजने की जिम्मेदारी ली है। खाड़ी देशों में सब्जियों की खेप भेजने के लिए कृषि विभाग ऑल सीजन फार्म फ्रेश एजेंसी का इस्तेमाल करता है। इसी एजेंसी को एमएस धोनी ब्रांड सब्जियों को भी दुबई पहुंचाने के लिए चुना गया था।
इन पांच बड़ी कंपनियों में किया है निवेश
सेवेन (7): इस लाइफस्टाइल ब्रांड ने साल 2016 में महेंद्र सिंह धोनी कंपनी को अपना ब्रांड एंबेसडर बनने का ऑफर दिया था। बाद में धोनी कंपनी के बोर्ड में शामिल हो गए और अब वह कंपनी के फुटवेयर सेक्शन के मालिक हैं।
स्पोर्ट्स फिट- बाय एम.एस. धोनी: फिटनेस से जुड़े इस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में धोनी का भी शेयर है। यह कंपनी देश भर में 200 से अधिक जिम चलाती है।
चेन्नई फुटबॉल क्लब: क्रिकेट में आने से पहले धोनी को फुटबॉल बहुत पसंद था। वह इंडियन सुपर लीग की फुटबॉल टीम ‘चेन्नई फुटबॉल क्लब’ के मालिक हैं।
माही रेसिंग टीम इंडिया: रेसिंग बाइक को लेकर धोनी की दीवानगी जग जाहिर है। उनके पास महंगी बाइक्स का शानदार कलेक्शन भी है। वह सुपरस्पोर्ट वर्ल्ड चैंपियनशिप फ्रेंचाइजी में ‘माही रेसिंग टीम इंडिया’ के मालिक हैं। माही रेसिंग टीम इंडिया, दिल्ली में वसंत कुंज और यूके में लंदन से ऑपरेट करती है।
होटल माही रेज़िडेंसी: महेंद्र सिंह धोनी होटल मालिक भी हैं। होटल का नाम होटल माही रेज़िडेंसी है। यह होटल झारखंड के रांची में हैं। धोनी के स्वामित्व वाले होटल की कोई अन्य फ्रेंचाइजी नहीं है। इन कंपनियों के अलावा भी धोनी का नाम कई दर्जन ब्रांड और बिजनेस से जुड़ा हैं।