लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सातों चरणों का मतदान खत्म हो चुका है और अब सभी को 4 जून को नतीजों का इंतजार है। इस बीच कांग्रेस नेताओं और उम्मीदवारों की एक वर्चुअल मीटिंग में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से लोकसभा चुनाव परिणामों में राज्य से उनकी उम्मीदों के बारे में पूछा।
जिस पर सिद्धारमैया ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि कांग्रेस राज्य में 15-20 सीटें जीतेगी। इसके बाद खड़गे ने उनसे राज्य के खुफिया विभाग से मिले इनपुट के बारे में पूछा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य खुफिया विभाग ने अनुमान लगाया है कि कांग्रेस राज्य की 28 सीटों में से 12 से अधिक सीटें जीतेगी। सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि उनका अनुमान उम्मीदवारों और पार्टी नेताओं से मिले फीडबैक पर आधारित है।
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे का सीएम सिद्धारमैया से वादा
सिद्धारमैया के आत्मविश्वास से प्रभावित होकर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने उनसे कहा कि अगर पार्टी 20 सीटों तक पहुंचती है तो वह खुद बेंगलुरु आएंगे और उन्हें माला पहनाएंगे।
गौरतलब है कि मई 2023 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जीत हासिल की और सिद्धारमैया राज्य के मुख्यमंत्री बने।
Karnataka Exit Polls: कर्नाटक के लिए एग्जिट पोल के अनुमान
एग्जिट पोल | एनडीए | कांग्रेस |
न्यूज़ 24-चाणक्य | 20-24 | 4-8 |
एबीपी सी-वोटर | 23-25 | 2-5 |
इंडिया टीवी- सीएनएक्स | 20-24 | 4-8 |
रिपब्लिक टीवी-मैट्रीज | 21 | 7 |
जन की बात | 21-23 | 7-5 |
पीएमएआरक्यू | 22 | 6 |
कर्नाटक के लिए क्या हैं एग्जिट पोल के अनुमान?
कर्नाटक में 28 लोकसभा सीटें हैं। एग्जिट पोल के मुताबिक, बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को 20-25 लोकसभा सीटें जीतने का अनुमान है जबकि इंडिया गठबंधन 2-7 सीटें जीत सकता है। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने एनडीए को 23-25 सीटें और इंडिया गठबंधन को 3-5 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। वहीं, इंडिया टीवी- सीएनएक्स ने एनडीए के लिए 20-24 और इंडिया गठबंधन के लिए 4-8 सीटों का अनुमान लगाया है।
राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न एग्जिट पोल्स के नतीजों में एनडीए व इंडिया गठबंधन को मिलने वाली सीटों का अनुमान अगले टेबल में देखें।
Exit Poll Results Lok Sabha Chunav 2024: किस एग्जिट पोल ने किसे दीं कितनी सीटें
चैनल/एजेंसी | एनडीए | इंडिया | अन्य |
इंडिया टुडे-एक्सिस-माई इंडिया | 361-401 | 131-166 | 8-20 |
एबीपी न्यूज-सी वोटर | 353-383 | 152-182 | 4-12 |
इंडिया टीवी-सीएनएक्स | 371-401 | 109-139 | 28-38 |
रिपब्लिक भारत-मैट्रीज | 353-368 | 118-133 | 43-48 |
न्यूज 24-टुडेज चाणक्या | 400 | 107 | 36 |
जन की बात | 362-392 | 141-161 | 10-20 |
न्यूज नेशन | 342-378 | 153-169 | 21-23 |
रिपब्लिक टीवी-पी मार्क | 359 | 154 | 30 |
इंडिया न्यूज-डी डायनामिक्स | 371 | 125 | 47 |
दैनिक भास्कर (अपने पत्रकारों का अनुमान) | 281-350 | 145-201 | 33-49 |
टाइम्स नाऊ-ईटीजी | 358 | 152 | 33 |
टीवी9 भारतवर्ष-पोलस्ट्रैट | 342 | 166 | 35 |
इंडिया डेली लाइव | 360-406 | 96-116 | 30-60 |

न्यूज़ 24-चाणक्य ने अपने एग्जिट पोल में एनडीए के लिए 24 सीटों और कांग्रेस के लिए 4 सीटों का अनुमान लगाया है। वहीं, एबीपी सी-वोटर ने एनडीए को 23-25 और कांग्रेस को 2-5 सीटें मिलने का अनुमान जताया है।
कर्नाटक लोकसभा चुनाव 2019 परिणाम
लोकसभा चुनाव 2019 की बात की जाये तो बीजेपी ने कर्नाटक की 28 में से 25 सीटों पर कब्जा जमाया था। वहीं, कांग्रेस के खाते में 1 सीट, जेडीएस को 1 और निर्दलीय को 1 सीट मिली थी।
पार्टी | सीटें जीती | वोट शेयर |
बीजेपी | 25 | 51.75% |
कांग्रेस | 1 | 32.11% |
जेडीएस | 1 | 9.74% |
2014 के आम चुनावों की बात की जाये तो बीजेपी को कर्नाटक में 17 सीट, कांग्रेस को 9 और जेडीएस को 2 सीट मिली थी।
पार्टी | सीटें जीती | वोट शेयर |
बीजेपी | 17 | 43.00% |
कांग्रेस | 9 | 40.80% |
जेडीएस | 2 | 11.00% |