हिमाचल प्रदेश की वर्तमान जयराम ठाकुर सरकार का कार्यकाल 8 जनवरी 2023 को खत्म होने वाला है। प्रदेश के कुल 68 सीटों पर चुनाव होने वाला है। चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है।
प्रदेश का चुनाव एक चरण में होगा। मतदान की तारीख 12 नवंबर और मतगणना की तारीख आठ दिसंबर तय हुआ है। चुनाव में शामिल होने वाले नेता 25 अक्टूबर से नामांकन कर सकेंगे।
2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 44 और कांग्रेस को 21 सीटों पर जीत मिली थी। फिलहाल भाजपा के पास 45 कांग्रेस के पास 22 विधायक हैं। इसके अलावा वामपंथी दल CPIM के पास भी एक विधायक है।
पिछले चुनाव में भाजपा को 48.8 प्रतिशत और कांग्रेस को 47.7 प्रतिशत वोट मिला था। 2022 के विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी भाजपा, कांग्रेस और अन्य दलों के अलावा आम आदमी पार्टी भी शामिल हो रही है।
1985 के बाद बदला सत्ता का ट्रेंड
1985 के बाद से किसी पार्टी को लगातार दो बार सरकार चलाने का मौका नहीं मिला है। भाजपा और कांग्रेस को ही हर पांच साल पर शासन करने का मौका मिलता रहा है। हालांकि इस बार मैदान में आम आदमी पार्टी के उतरने से मामला त्रिकोणीय बताया जा रहा है।
पड़ोसी राज्य पंजाब में सरकार बनाने के बाद से आप के हौसले बुलंद है, वह अपने उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी कर चुकी है। वहीं कांग्रेस इस चुनाव में एंटी इंकम्बेंसी का इस्तेमाल कर वापसी का प्रयास कर रही है।
हिमाचल प्रदेश के सोलन में प्रियंका गांधी ने की रैली, देखें वीडियो:
भाजपा अपनी जीत के लिए इस बार भी नरेंद्र मोदी का चेहरा ही आगे कर लड़ रही है। केंद्र सरकार और पार्टी में हिमाचल के नेताओं को बड़े पद दिए गए हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का गृह राज्य हिमाचल प्रदेश है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम सिंह धूमल के बेटे केंद्र के प्रभावशाली मंत्री हैं। उनके पास आईबी और स्पोर्ट्स मिनिस्ट्री है।