Gujarat Morbi Election Results 2022, Kantilal Amrutiya vs Jayantilal Jerajbhai Patel Election Result 2022: गुजरात की मोरबी (Morbi) विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार कांतिलाल अमृतिया (Kantilal Amrutiya) ने कांग्रेस प्रत्याशी जयंति जेराजभाई पटेल को हरा दिया है। भाजपा नेता को 113701 वोट मिले हैं। वहीं कांग्रेस नेता को मात्र 52121 वोट मिले हैं। वोट शेयर की बात करें, तो चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, कांतिलाल अमृतिया का वोट शेयर 59.21 प्रतिशत और जयंति जेराजभाई का वोट शेयर 27.12 प्रतिशत है।

कौन हैं कांतिलाल अमृतिया?

कांतिलाल भाजपा के पुराने नेता हैं। वह मोरबी से पांच बार निर्वाचित हो चुके हैं। मोरबी ब्रिज हादसे के बाद कांतिलाल राहत और बचाव कार्य के लिए चर्चा में आए थे। उन्हें पुल हादसे के बाद ट्यूब पहन कर पानी में कूदते देखा गया था। बताया जाता है कि उन्होंने कुछ लोगों की जान भी बचाई थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांतिलाल पहले टिकट पाने वालों की सूची में नहीं थे, लेकिन हादसे के बाद बचाव कार्य के लिए चर्चा में आने के बाद उन्हें टिकट देने का फैसला लिया गया।

Himachal Pradesh Election Result Update Gujarat Vidhan Sabha Chunav Result News Updates By-Election Assembly Election Results Gujarat Himachal Assembly Election Results 2022 Live Updates

RSS के स्वयं सेवक रहे हैं कांतिलाल

कांतिलाल अपने सामाजिक जीनव के प्रारंभिक वर्षों में RSS के स्वयं सेवक थे। मोरबी जिले में भाजपा को मजबूत कैडर बेस पार्टी बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। स्थानीय उद्योगपतियों के सहयोग से उन्होंने क्षेत्र में पार्टी को स्थिरता प्रदान करायी थी। 1995 में कांतिलाल पहली बार मोरबी विधायक चुने गए। इसके बाद वह 2013 तक लगातार विधायक रहे। 2012 के गुजरात विधानसभा चुनाव में वह पांचवीं बार चुने गए थे।

हत्या के मामले में हो चुकी है सजा

2004 में मोरबी नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष प्रवीण रवेशिया की हत्या के मामले में गोंडल सत्र अदालत ने अमृतिया और छह अन्य को दोषी माना था। सभी को आजीवन कारावास की सजा हुई थी। रवेशिया की 16 सितंबर 1999 को दिनदहाड़े चार लोगों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। हालांकि भाजपा हमेशा अपने नेता के साथ खड़ी रही है। कांतिलाल को अपने पांच साल के कार्यकाल का तीन साल साबरमती जेल में बिताना पड़ा था।

2007 में गुजरात उच्च न्यायालय की 2 न्यायाधीशों की खंडपीठ ने कांतिलाल को हत्या के आरोपों से बरी कर दिया क्योंकि केस के उच्च न्यायालय में आने तक कई गवाह मुकर गए थे।

बता दें कि सस्पेंशन ब्रिज हादसा की वजह से इस चुनाव में मोरबी चर्चा में था। भाजपा ने इस सीट पर अपने सीटिंग विधायक बृजेश मेरजा का टिकट काटकर अमृतिया को टिकट दिया था। 2017 के विधानसभा में बृजेश कांग्रेस पार्टी की टिकट पर चुनाव में उतरे थे। 2020 के उपचुनाव में वह भाजपा के टिकट पर विधायक बने थे।